Homeक्राइम न्यूजरात के अंधेरे में बीएसएनएल टावर पर चोरों का धावा, फीडर केबल...

रात के अंधेरे में बीएसएनएल टावर पर चोरों का धावा, फीडर केबल समेत 3.43 लाख का सामान पार

केकड़ी, 16 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जयपुर रोड स्थित बीएसएनएल के माइक्रोवेव टावर को अज्ञात चोरों ने एक बार फिर निशाना बनाते हुए फीडर केबल सहित करीब 3 लाख 43 हजार 704 रुपए कीमत का सामान चोरी कर लिया। 4जी बीटीएस बंद होने के बाद बीएसएनएल के कनिष्ठ अभियंता द्वारा किए गए निरीक्षण में चोरी की वारदात का खुलासा हुआ। मामले में केकड़ी शहर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार 14 सितंबर की सुबह कनिष्ठ अभियंता गोपाल लाल मीणा ने 4जी बीटीएस बंद होने की सूचना पर जयपुर रोड स्थित बीएसएनएल माइक्रोवेव टावर का निरीक्षण किया। मौके पर टावर से जुड़ी फीडर केबल कटी हुई मिली और उसका कुछ हिस्सा गायब था। सूचना मिलने पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अज्ञात चोर दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए और मोबाइल टावर से जुड़ी फीडर केबल काटकर चोरी कर ले गए।

पहले भी हो चुकी है चोरी: बीएसएनएल अधिकारियों के मुताबिक इस टावर पर इससे पहले भी चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। 29 नवंबर 2025 तथा 2 सितंबर 2026 को भी अज्ञात चोरों ने इसी टावर को निशाना बनाया था, जिसकी सूचना पुलिस थाने में दी गई थी। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से बीएसएनएल के उपकरणों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार चोरों ने 2जी कार्ड, 3जी कार्ड, 2जी फीडर केबल, 3जी फीडर केबल तथा डीसी केबल चोरी की है। चोरी हुए सामान की कुल कीमत 3,43,704 रुपए बताई गई है। बीएसएनएल की ओर से कनिष्ठ अभियंता गोपाल लाल मीणा व कनिष्ठ दूरसंचार अधिकारी देशराज गुर्जर ने 15 सितंबर को केकड़ी शहर थाने में रिपोर्ट पेश की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई मदनलाल मीणा के जिम्मे की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश व चोरी हुए सामान की बरामदगी के लिए जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES