केकड़ी, 24 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पंचायत आम चुनाव-2026 को लेकर पंचायत समिति केकड़ी क्षेत्र की ग्राम पंचायतों के वार्डों के लिए आरक्षण का निर्धारण कर दिया गया है। निर्वाचक पंजीयन एवं उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई द्वारा जारी विवरण के अनुसार पंचायत समिति क्षेत्र की 22 ग्राम पंचायतों के कुल 222 वार्डों में विभिन्न वर्गों के लिए आरक्षण तय किया गया है। आरक्षण निर्धारण के बाद अब ग्राम पंचायतवार चुनावी तस्वीर भी काफी हद तक स्पष्ट हो गई है। आरक्षण विवरण के अनुसार कुल 222 वार्डों में 30 सीटें अनुसूचित जाति (अ.जा.), 25 सीटें अनुसूचित जाति महिला, 6 सीटें अनुसूचित जनजाति (अ.ज.जा.), एक सीट अनुसूचित जनजाति महिला, 25 सीटें अन्य पिछड़ा वर्ग (अ.पि.व.) तथा 6 सीटें अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित की गई हैं। वहीं 61 सीटें सामान्य तथा 68 सीटें सामान्य महिला के लिए निर्धारित की गई हैं। आरक्षण के आंकड़ों पर नजर डालें तो कुल 222 वार्डों में 100 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इनमें अनुसूचित जाति महिला की 25, अनुसूचित जनजाति महिला की 1, अन्य पिछड़ा वर्ग महिला की 6 तथा सामान्य महिला की 68 सीटें शामिल हैं। यानी पंचायत चुनाव में महिला उम्मीदवारों की भागीदारी के लिए बड़ी संख्या में सीटें आरक्षित रहेंगी।

कादेड़ा व बघेरा में सबसे ज्यादा 19-19 वार्ड: ग्राम पंचायतवार वार्डों की संख्या में कादेड़ा व बघेरा ग्राम पंचायत में सर्वाधिक 19-19 वार्ड हैं। इसके अलावा जूनिया में 15, देवगांव में 13, नायकी में 7, लल्लाई में 11, अजगरा में 7, रामपाली में 7, सरसड़ी में 9, प्रान्हेड़ा में 11, निमोद में 7, भीमड़ावास में 9, भराई में 7, कोहड़ा में 7, खवास में 11, कालेड़ा कृष्ण गोपाल में 7, मोलकिया में 9, सलारी में 11, मानखंड में 9, कणौंज में 9, मेवदाकलां में 9, लसाड़िया में 9 वार्ड है। आरक्षण विवरण के अनुसार ग्राम पंचायतवार आरक्षित वार्डों की स्थिति भी अलग-अलग है। कई ग्राम पंचायतों में अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं महिला वर्ग के लिए एक से अधिक वार्ड आरक्षित किए गए हैं। इससे संबंधित वर्गों के संभावित उम्मीदवारों के लिए चुनावी मैदान की तस्वीर स्पष्ट होने लगी है।

अब दावेदारों की सक्रियता बढ़ेगी: आरक्षण सूची जारी होने के साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। किस वार्ड से कौन चुनाव मैदान में उतर सकता है, इसे लेकर गांवों में राजनीतिक चर्चाएं भी तेज होंगी। आरक्षण के कारण कई संभावित उम्मीदवारों को अपने लिए नए वार्ड तलाशने पड़ सकते हैं, जबकि आरक्षित वर्ग के दावेदारों के लिए भी चुनावी अवसर खुलेंगे। पंचायत आम चुनाव-2026 के लिए जारी यह आरक्षण निर्धारण ग्राम पंचायतों के 222 वार्डों की चुनावी तस्वीर का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है। अब चुनाव कार्यक्रम और आगे की प्रक्रिया के साथ गांवों में चुनावी सरगर्मियां और तेज होने की उम्मीद है।


