Homeराजनीतिरंगमंच बना पालिकाध्यक्ष का दफ्तर: अनिल मित्तल ने संभाली पालिका की कमान,...

रंगमंच बना पालिकाध्यक्ष का दफ्तर: अनिल मित्तल ने संभाली पालिका की कमान, बोले-जनता के भरोसे पर खरा उतरना पहली प्राथमिकता

केकड़ी, 24 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल ने गुरुवार को पदभार ग्रहण कर लिया। पालिका अध्यक्ष के चैंबर को लेकर पिछले दो दिनों से चल रहे टकराव के बीच मित्तल ने पालिका रंगमंच परिसर में अस्थायी रूप से लगाई गई टेबल-कुर्सी पर बैठकर कार्यभार संभाला। इस दौरान पालिका उपाध्यक्ष राजेन्द्र चौधरी ने भी विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद मित्तल ने कहा कि पालिका चुनाव में केकड़ी की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा जताया है। यह भरोसा जनप्रतिनिधियों के लिए जिम्मेदारी भी है और चुनौती भी। उन्होंने कहा कि जनता की भावनाओं की कद्र करते हुए शहर के विकास, आमजन की समस्याओं के समाधान और बेहतर नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पालिका बोर्ड जनता की कसौटी पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करेगा। पदभार ग्रहण कार्यक्रम की शुरुआत पंडित हितेश व्यास ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना करवाकर की। इसके बाद अध्यक्ष अनिल मित्तल ने पालिका रंगमंच परिसर में लगाई गई अस्थायी टेबल-कुर्सी पर बैठकर कार्यभार ग्रहण किया।

केकड़ी: कार्यभार ग्रहण करने से पहले पूजा अर्चना करते नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल व पालिका उपाध्यक्ष राजेन्द्र चौधरी।

चैंबर को लेकर दो दिन पहले बने थे टकराव के हालात: गौरतलब है कि विधायक जनसुनवाई केंद्र में पुनः पालिका अध्यक्ष का चैंबर शुरू करने की बात को लेकर पिछले दो दिनों से टकराव के हालात बने हुए थे। इसी पृष्ठभूमि में गुरुवार को अध्यक्ष मित्तल का पदभार ग्रहण कार्यक्रम भी चर्चा का केंद्र रहा। स्थायी चैंबर में बैठने के बजाय उन्होंने रंगमंच परिसर में ही अस्थायी व्यवस्था के बीच कार्यभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में शहर कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत जैन सहित नवनिर्वाचित पार्षद पुनीत गर्ग, इंदिरा मित्तल, हनुमान बाथरा, भंवर बज, प्रतिभा जैन, पूजा व्यास, धन्नालाल डसाणियां, पीयूष धोबी, अभिलाषा विजय, मुकेश शर्मा, ललित कुमार, हेमराज माली, राजकुमार शर्मा, शिवप्रताप, पूजा जगरवाल, सदाम देवी, सलमा बेगम, दिलखुश चौधरी एवं आशाराम वैष्णव सहित कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

माल्यार्पण व साफा बंधवाकर किया स्वागत: इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी व तहसीलदार सत्यनारायण लोहार तथा पालिकाकर्मी रामगोपाल डांगा, विमल दाधीच, राकेश पारीक, मईनुद्दीन शेख, किशन गुर्जर सहित अन्य कर्मचारियों ने अध्यक्ष अनिल मित्तल एवं उपाध्यक्ष राजेन्द्र चौधरी का माल्यार्पण कर एवं साफा बंधवाकर स्वागत किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और नवनिर्वाचित पार्षदों का भी स्वागत किया गया। अब विकास के एजेंडे पर नजर: पदभार ग्रहण के साथ ही नए पालिका बोर्ड के सामने शहर के विकास और आमजन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की चुनौती है। अध्यक्ष मित्तल ने विकास और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही है। ऐसे में अब शहरवासियों की नजर इस बात पर रहेगी कि पालिका बोर्ड अपने शुरुआती दौर में किन मुद्दों को प्राथमिकता देता है और जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारने की दिशा में क्या कदम उठाता है।

RELATED ARTICLES