केकड़ी, 25 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): ब्याज माफिया, अवैध साहूकारी व धोखाधड़ी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केकड़ी सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के मकान पर छापा मारकर करीब 45 से 50 लाख रुपए की स्टाम्प पर की गई लिखापढ़ी तथा 10 खाली बैंक चैक बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक जिला अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश कुमार मील एवं वृत्ताधिकारी केकड़ी मनोज कुमार गुप्ता के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी मुकेश गोरा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 24 सितंबर 2026 को खवास निवासी भैरूलाल बलाई ने थाने में रिपोर्ट दी कि आरोपी पप्पू सांसी से उधार लिए गए पैसे के संबंध में ब्याज पर ब्याज लगाकर उससे कथित रूप से बेईमानीपूर्वक डराने-धमकाने एवं पैसों की मांग की जा रही है। रिपोर्ट पर केकड़ी सदर थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मकान पर छापे में मिले दस्तावेज: जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी पप्पू सांसी (43) पुत्र सांवरा निवासी खवास, थाना केकड़ी सदर से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के मकान पर छापा मारकर स्टाम्प पर की गई विभिन्न लिखापढ़ी एवं 10 खाली बैंक चैक बरामद किए। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक बरामद दस्तावेजों में करीब 45 से 50 लाख रुपए की राशि से संबंधित स्टाम्प पर लिखापढ़ी शामिल है। मामले में बरामद दस्तावेजों एवं चैकों की जांच की जा रही है तथा पुलिस आरोपी से अवैध साहूकारी के कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में थानाधिकारी मुकेश गोरा, हैड कांस्टेबल विजय सिंह, हैड कांस्टेबल सीमा मीणा, कांस्टेबल रामजीलाल चौधरी एवं कांस्टेबल महेन्द्र चौधरी ने अहम भूमिका निभाई है।


