Homeधर्म एवं संस्कृतिलक्खी मेले से पहले देवनारायण धाम में उमड़ा आस्था का महासैलाब: सवा...

लक्खी मेले से पहले देवनारायण धाम में उमड़ा आस्था का महासैलाब: सवा लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, 50 से अधिक पदयात्राएं पहुंचीं

केकड़ी, 22 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): मीणों का नयागांव स्थित प्रसिद्ध देवनारायण धाम में शनिवार को आस्था का महासैलाब उमड़ पड़ा। भगवान देवनारायण के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। दोपहर तक सवा लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान रहा, वहीं शाम तक भी धाम में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला लगातार जारी रहा। आमतौर पर शनिवार को यहां करीब 50 हजार श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन इस बार यह संख्या दोगुनी से भी अधिक दर्ज की गई। भीड़ बढ़ने से मंदिर परिसर सहित धाम की ओर आने-जाने वाले सभी मुख्य मार्गों पर श्रद्धालुओं का रैला नज़र आया।

डीजे और धार्मिक ध्वजों के साथ पहुंचीं पदयात्राएं: निवर्तमान सरपंच रामप्रसाद मीणा के अनुसार शनिवार को 50 से अधिक पदयात्राएं डीजे और धार्मिक ध्वजों के साथ धाम पहुंचीं। डीजे पर बजते भजनों और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। रास्तों में पदयात्रियों की सेवा के लिए ग्रामीणों ने जगह-जगह जल और फल वितरण की व्यवस्था की। भगवान देवनारायण का प्रसिद्ध लक्खी मेला 17 सितंबर को आयोजित होगा। मेले से पहले ही उमड़ी इस अपार भीड़ को देखते हुए मुख्य मेले में भी रिकॉर्ड श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान जताया जा रहा है।

केकड़ी: मीणों का नयागांव स्थित देवनारायण दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।

भभूत की चिमटी से उपचार की है मान्यता: अजमेर-कोटा मार्ग पर बालू रेत के टीले पर स्थित यह धाम लगभग 100 वर्ष पुराना है। श्रद्धालुओं में मान्यता है कि भगवान देवनारायण के दरबार में भभूत की चिमटी से असाध्य रोगों और शारीरिक पीड़ाओं से राहत मिलती है। धाम परिसर में साडू माता, सवाईभोज, गुरु रूपनाथ और भगवान देवनारायण के बाल्यकाल की प्रतिमाएं भी विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। शनिवार को अजमेर, टोंक, भीलवाड़ा, शाहपुरा, जयपुर, बूंदी, कोटा, सवाईमाधोपुर, अलवर और दौसा सहित कई जिलों से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।

RELATED ARTICLES