Homeशासन प्रशासनसड़क व नाला निर्माण के लिए हाईवे पर टेंट लगाकर दिया धरना:...

सड़क व नाला निर्माण के लिए हाईवे पर टेंट लगाकर दिया धरना: विधायक के हस्तक्षेप व ठोस आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन

केकड़ी, 24 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भट्टा कॉलोनी क्षेत्र में सड़क व नाला निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय निवासियों ने जयपुर-भीलवाड़ा बाईपास मार्ग पर कंटीली झाड़ियां डालकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया। सुबह 9 बजे से शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन दोपहर 3 बजे विधायक के हस्तक्षेप व प्रशासनिक सहमति के बाद समाप्त हुआ। बताया जाता है कि इस मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रवासी पिछले 5 सालों में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं तथा पूर्व में भी 5 बार जाम लगा चुके हैं। हर बार सिर्फ आश्वासन मिलने से नाराज होकर इस बार लोगों ने बाईपास पर ही टेंट गाड़ दिया। प्रदर्शन के दौरान जिम्मेदार अधिकारियों के समय पर न पहुंचने पर आक्रोशित महिलाओं ने टेंट में बैठकर राजस्थानी लोकगीत गाकर अनोखे अंदाज में विरोध जताया। इस दौरान महिलाओं द्वारा विधायक पर बनाए गए तात्कालिक गीत क्षेत्र में चर्चा का विषय रहे।

केकड़ी: स्टेट हाई-वे पर टेंट लगाकर धरने पर बैठे लोग।

सड़क पर पानी व कीचड़ से लोग परेशान: स्थानीय निवासियों के अनुसार भट्टा कॉलोनी से बाईपास की ओर जाने वाले रास्ते पर आधी सड़क ही बनी हुई है। बाकी आधे हिस्से पर सड़क न होने से बारिश व नालियों का गंदा पानी जमा रहता है। लोगों का कहना है कि बाईपास की ओर जाने के लिए यही एकमात्र मुख्य मार्ग है। सड़क पर पानी भरा रहने से किसानों, आम राहगीरों और मवेशियों का निकलना भी दुभर हो जाता है। लंबे समय से जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। हाईवे जाम होने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और यातायात को अन्य मार्गों की ओर डायवर्ट किया। धरनार्थी किसी ठोस लिखित समाधान पर ही अड़े रहे।

केकड़ी: सड़क निर्माण को लेकर लोगों से चर्चा करते हुए भाजपा नेता।

विधायक के निर्देश पर पहुंचे प्रतिनिधि, अधिकारियों के साथ बनी सहमति: मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम के निर्देश पर युवा भाजपा नेता राजेंद्र चौधरी व किसान नेता रामदेव माली धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत सार्वजनिक निर्माण विभाग व नगर पालिका के अधिकारियों व ठेकेदार को मौके पर बुलाया। मौके पर ही अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता में तुरंत प्रभाव से सड़क निर्माण का कार्य शुरू करने तथा बरसात का मौसम समाप्त होते ही मुख्य नाले का निर्माण कराने पर सहमति बनी। इस ठोस आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों ने करीब 6 घंटे से जारी धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

RELATED ARTICLES