Site icon Aditya News Network – Kekri News

ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत, तीन भाईयों के परिवार में इकलौता था मृतक, परिजन का रो—रोकर हुआ बुरा हाल

प्रतीकात्मक फोटो

केकड़ी, 11 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सिटी थाना इलाके के मानखंड गांव में शुक्रवार देर शाम को ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक केकड़ी में मजदूरी कर बाइक पर वापस घर लौट रहा था। मौत के बाद ग्रामीणों ने शव को रखकर विरोध प्रदर्शन किया। समझाइश के बाद ग्रामीण माने और शव का दाह संस्कार करने के लिए तैयार हुए। जानकारी के अनुसार मानखंड गांव में शुक्रवार देर शाम को मिट्टी डाल रहे ट्रैक्टर की टक्कर से मानखंड निवासी जीतराम बैरवा पुत्र बद्रीलाल बैरवा उम्र 23 वर्ष घायल हो गया।

मृतक जीतराम बैरवा (फाइल फोटो)

उपचार के दौरान तोड़ा दम प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जीतराम बैरवा के सिर से ट्रैक्टर का टायर निकलने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में युवक को केकड़ी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे अजमेर रैफर कर दिया गया। युवक ने रात को अजमेर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर केकड़ी सिटी थाना पुलिस अजमेर अस्पताल पहुंची और मृतक युवक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर मानखंड गांव आ गए।

केकड़ी: शव रखकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।

दाह संस्कार से किया इंकार ग्रामीणों ने शव का दाह संस्कार करने से मना करते हुए शव को रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार करने व ट्रैक्टर को जब्त करने की मांग की। सूचना मिलने पर सिटी थाना अधिकारी धोलाराम मय पुलिस जाब्ते के मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश का प्रयास किया। पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीण माने और शव के दाह संस्कार के लिए तैयार हुए।

अवैध खनन ने ली जान मानखंड गांव में जिस ट्रैक्टर से हादसा हुआ उससे अवैध खनन कर मिट्टी का परिवहन किया जा रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि जेसीबी मशीन की मदद से तालाब में अवैध खनन कर मिट्टी का ट्रैक्टरों के जरिए परिवहन कर एक खेत में डाली जा रही थी। बिना अनुमति के अवैध खनन में लगे ट्रैक्टर तेज गति से चल रहे थे। जिससे हादसा घटित हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने शराब पी रखी थी।

मृतक था इकलौता बताया जाता है मृतक जीतराम बैरवा तीन भाइयों के परिवार का इकलौता चिराग था। जीतराम की मौत के बाद पूरी पीढ़ी खत्म हो गई है। मृतक के एक बहन हैं। मृतक शादीशुदा है। मृतक के संतान नहीं है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक जीतराम बैरवा केकड़ी में मजदूरी कर अपने परिवार का गुजर बसर करता था। मृतक के पिता खेती करते हैं।

इनका कहना है सिटी थानाधिकारी धोलाराम ने बताया कि ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार करने और ट्रैक्टर को जबत करने की मांग रखी थी। तीन भाईयों के परिवार में मृतक इकलौता था। ग्रामीणों की ओर से सरकारी सहायता की मांग पर एसडीएम को अवगत करा दिया है।

Exit mobile version