Sunday, March 22, 2026
Homeशिक्षाअर्हम् ध्यान योग शिविर: विद्यार्थियों ने ओम अर्हम् नमः की धुन पर...

अर्हम् ध्यान योग शिविर: विद्यार्थियों ने ओम अर्हम् नमः की धुन पर किया योगाभ्यास, पांच दिन तक चलेगा आध्यात्मिक प्रशिक्षण

केकड़ी, 02 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विद्यार्थियों को स्वस्थ व सुखमय जीवन जीने की आध्यात्मिक कला सिखाने के उद्देश्य से सापंदा रोड स्थित श्री सुधासागर दिगंबर जैन विद्या विहार सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार से पांच दिवसीय अर्हम् ध्यान योग शिविर का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर प्रख्यात दिगम्बर जैन संत मुनि प्रणम्यसागरजी महाराज द्वारा प्रणीत अर्हम ध्यान योग फाउंडेशन की प्रशिक्षित अंतरप्पा संप्रेषक निधि सेठी एवं उनकी सहयोगी नीता गदिया द्वारा आचार्य विद्यासागर महाराज व निर्यापक श्रमण सुधासागर महाराज के मनोहारी चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया गया।

योग का बताया महत्व: शिविर के प्रारंभ में संप्रेषक सेठी ने योग की आवश्यकता एवं महत्व पर प्रकाश डाला। तत्पश्चात उन्होंने नीता गदिया के साथ विद्यार्थियों को ओम अर्हम नमः की धुन पर विद्यार्थियों को योग की विविध आकर्षक मुद्राओं व आसन सहित पंच मुद्रा व भस्रिका प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा उन्हें योग के माध्यम से जीवन को सरल एवं सहज तरीके से सकारात्मक ऊर्जाओं से भरपूर व सार्थक बनाने की प्रेरणा दी। तत्पश्चात शिविर में प्रथम दिन सर्वजन कल्याण की भावना से ओतप्रोत मेरी भावनाप्रार्थना के दो श्लोक की व्याख्या करते हुए निधि सेठी ने स्वस्थ व सुखी समाज की अवधारणा के संदर्भ में अहंकार का त्याग करते हुए जगत में मैत्रीभाव कायम करने का संदेश दिया।

केकड़ी: अर्हम् ध्यान योग शिविर में योगाभ्यास करते विद्यार्थी।

दैनिक जीवन में अपनाने के लिए किया प्रेरित: इस अवसर पर स्कूल के निदेशक अजय जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनसे योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने स्कूल में अर्हम ध्यान योग के माध्यम से विद्यार्थियों को दिए जा रहे तकनीकी मार्गदर्शन की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। इससे पूर्व शिक्षिका चंद्रेश जैन, शिप्रा जैन एवं एकता शर्मा ने निधि सेठी व नीतू गदिया का तिलक एवं माल्यार्पण के द्वारा स्वागत किया। स्कूल के प्रधानाचार्य एस एन खण्डेलवाल व उपप्रधानाचार्य कैलाशचंद शर्मा ने आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES