Wednesday, March 12, 2025
Homeक्राइम न्यूजअवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार...

अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर घायल, प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रैफर

केकड़ी, 25 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक युवक सवार युवक गंभीर घायल हो गया। घायल युवक गंभीर हालत में अजमेर अस्पताल में उपचाररत है। हादसे के बाद चालक ट्राॅली को छोड़कर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार शनिवार को कोटा रोड़ पर परशुराम सर्किल के पास अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर चालक ने तेज गति से चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार पारा निवासी देवेन्द्र मेघवंशी घायल हो गया। युवक को घायल अवस्था में राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत होने पर अजमेर के लिए रैफर कर दिया गया। फिलहाल युवक नाजुक हालत में अजमेर के जेएलएन अस्पताल में उपचाररत है।

केकड़ी: दुर्घटनाकारित करने वाला ट्रैक्टर।

ट्रैक्टर चालक हुआ फरार दुर्घटना की सूचना मिलते ही सिटी थानाधिकारी कुसुमलता मीणा मय पुलिस जाब्ते के मौके पर पहुंची और दुर्घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर की तलाश करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है, वहीं चालक फरार है। घायल युवक देवेन्द्र मेघवंशी इकलौता है। युवक केकड़ी में एक फाईनेंस कंपनी में काम करता है। जिस ट्रैक्टर से हादसा हुआ उस पर नम्बर तक नही लिखे है। बताया जाता है कि ट्रैक्टर मालिक द्वारा दो महीने पहले ही अवैध बजरी परिवहन के लिए ट्रैक्टर लिया गया है। 

हरकत में आई पुलिस अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर की टक्कर से युवक के घायल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और अवैध बजरी माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की। दुर्घटना के बाद पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा, सिटी थानाधिकारी कुसुमलता मीणा, सदर थानाधिकारी नाहर सिंह ने पुलिस जाब्ते के साथ खारी नदी क्षेत्र में कई जगहों पर दबिश दी। इस दौरान पारा गांव के पास अवैध बजरी से भरा एक ट्रैक्टर जब्त किया गया। ट्रैक्टर को जब्त कर सदर पुलिस थाने में लाया गया है। पुलिस कार्रवाई की सूचना मिलने के बाद बजरी माफिया भूमिगत हो गए।

केकड़ी: हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक द्वारा छोड़ी गई ट्रॉली।

बेखौफ दौड़ते है ट्रैक्टर केकड़ी शहर सहित आस-पास के गांवों में अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर खुले आम यमदूत बनकर सड़कों पर दौड़ते है। अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टरों से आए दिन हादसे होते है, लेकिन पुलिस व खनिज विभाग की और से कोई ठोस कार्रवाई नही की जा रही है। जिसके चलते बजरी माफियाओं के हौंसले बुलन्द है। खारी नदी से खुलेआम दिन में ही अवैध बजरी खनन कर ट्रैक्टरों के जरिए परिवहन किया जाता है। दिनभर अवैध बजरी से भरे ट्रेक्टर बेखौफ होकर दौड़ते है। खारी नदी क्षेत्र में मीणों का नयागांव, सदारा, मेहरुकलां, धून्धरी, टांकावास, देवमंड, बालापुरा सहित अनेक गांवों में कार्रवाई के अभाव में अवैध खनन जोरों पर है।  

RELATED ARTICLES