Homeक्राइम न्यूजसीसीटीवी कैमरों की फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों से पकड़ा गया बाइक चोर,...

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों से पकड़ा गया बाइक चोर, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

केकड़ी, 16 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर थाना पुलिस ने चोरी व नकबजनी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक माह पूर्व मंदिर के बाहर से चोरी हुई मोटरसाइकिल को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। प्रकरण के अनुसार ब्यावर रोड निवासी मुस्तफा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 मार्च 2026 को उसने अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल शनि महाराज मंदिर के पास खड़ी की थी, जहां से अज्ञात चोर उसे चुरा ले गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएनएस की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।

मुखबिर तंत्र से मिली सफलता: पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील व वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम ने कार्य किया। पुलिस ने घटनास्थल व आसपास के लगभग 20 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया, जिससे आरोपी के बारे में पुख्ता जानकारी मिली। पुलिस ने संदिग्ध विनोद (30) पुत्र मिठुनाथ निवासी खवास को डिटेन कर गहनता से पूछताछ की।

नशे का आदी है आरोपी: पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह नशे का आदी है व नशे की पूर्ति के लिए उसने मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई बाइक बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी अनिल कुमार, एएसआई राकेश कुमार, कांस्टेबल नीरज सिंह व पुखराज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

RELATED ARTICLES