Thursday, February 12, 2026
Homeक्राइम न्यूजमारपीट व पिस्टल दिखाकर धमकाने का मामला: निलंबित हेड कॉन्स्टेबल गिरफ्तार, न्यायालय...

मारपीट व पिस्टल दिखाकर धमकाने का मामला: निलंबित हेड कॉन्स्टेबल गिरफ्तार, न्यायालय से मिली जमानत

केकड़ी, 12 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): युवकों से मारपीट, वाहन में तोड़फोड़ व सरकारी पिस्टल दिखाकर धमकाने के मामले में पुलिस ने निलंबित हेड कॉन्स्टेबल राजेश मीणा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद राजेश मीणा को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। क्या है मामला: सापण्दा रोड निवासी ओमप्रकाश गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5 जनवरी की रात करीब 12:30 बजे वह अपने भाई मनीष गुर्जर के साथ केकड़ी स्थित राजकीय जिला अस्पताल में उपचार के लिए आया था। अस्पताल के बाहर एक होटल पर चाय पीते समय एक सफेद गाड़ी में दो-तीन लोग पहुंचे। इनमें से एक पुलिस वर्दी में था, जिसकी पहचान हेड कांस्टेबल राजेश मीणा के रूप में हुई, जबकि अन्य दो सिविल ड्रेस में थे। आरोप है कि इस दौरान दोनों भाइयों के साथ हॉकी व लकड़ी से मारपीट की गई।

वाहन में भी की तोड़फोड़: पीड़ितों द्वारा शोर मचाने पर उनकी कार में भी तोड़फोड़ की गई। बाद में सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें थाने ले गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कुछ देर बाद राजेश मीणा अपने साथियों के साथ थाने पहुंचा तथा वहां भी मारपीट की। इस दौरान उसने पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अजमेर पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने आरोपी हेड कांस्टेबल को तत्काल निलंबित कर दिया था। पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा ने बताा कि सिटी थाना पुलिस ने इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने गुरुवार को राजेश मीणा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई।

RELATED ARTICLES