केकड़ी, 24 दिसम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सापंदा रोड स्थित श्री सुधासागर दिगंबर जैन विद्या विहार सीनियर सैकण्डरी स्कूल में मंगलवार को नन्हें मुन्हें बच्चों द्वारा विविध प्रस्तुतियों के साथ धूमधाम से रेड डे मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ अंजू कटारे, विशिष्ट अतिथि डॉ विजया कुमारी शर्मा, बढ़ते कदम गौशाला संस्थान के मीडिया प्रभारी महेंद्र प्रधान एवं स्कूल के अध्यक्ष संजय कटारिया ने आचार्य श्री विद्यासागरजी महाराज व मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
आकर्षक प्रस्तुतियों ने मोहा मन कार्यक्रम में कक्षा नर्सरी से कक्षा एचकेजी के 26 बच्चों ने एप्पल, स्ट्राबेरी, मां दुर्गा, परी, राजकुमारी, टमाटर, ब्लड डोनेशन संदेश, पॉपकॉर्न, क्लोजअप आदि स्वांग रचकर अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां दी। इस दौरान बचपन के गीतों पर अतिथियों ने बच्चों के साथ नृत्य किया, जो देखते ही बना। इससे पूर्व स्कूल के निदेशक अजय जैन, प्रधानाचार्य एस एन खण्डेलवाल व उपप्रधानाचार्य कैलाशचंद शर्मा ने सभी अतिथियों का तिलक व माल्यार्पण कर स्वागत किया।
लाल रंग पराक्रम का प्रतीक कार्यक्रम का संयोजन शिक्षिका चंद्रेश जैन ने किया। उन्होंने बताया कि लाल रंग ऊर्जा व पराक्रम का प्रतीक है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नन्हे मुन्ने बच्चों में लाल रंग के फलों एवं इस रंग से जुड़ी चीजों के प्रति जागरूकता पैदा करना था। अंत में अतिथिगणों ने सभी बच्चों को पारितोषिक वितरित किए। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष संजय कटारिया एवं सचिव आनन्द सोनी ने बच्चों को सुंदर कार्यक्रम के लिए बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका मुस्कान न्याती ने किया।