Homeचिकित्सास्वच्छ प्रतिष्ठान-सुरक्षित औषधि: उपखंड केमिस्ट एसोसिएशन की कार्यशाला में औषधियों के रखरखाव...

स्वच्छ प्रतिष्ठान-सुरक्षित औषधि: उपखंड केमिस्ट एसोसिएशन की कार्यशाला में औषधियों के रखरखाव पर दिया जोर

केकड़ी, 10 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी उपखंड केमिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। राजस्थान सरकार के आयुक्तालय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा 1 से 15 सितंबर 2026 तक मनाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में दवा विक्रेताओं व आमजन को स्वच्छता एवं औषधि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यशाला में जिला औषधि नियंत्रक अमित शर्मा ने केमिस्टों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता अपनाएं स्वस्थ समाज बनाएं” के संदेश को आत्मसात करते हुए सभी औषधि विक्रेता अपने मेडिकल प्रतिष्ठानों को साफ-सुथरा व व्यवस्थित रखें। उन्होंने दवाइयों के सुरक्षित भंडारण, तापमान-प्रकाश से बचाव, कोल्ड चेन मेंटेन रखने, रेफ्रिजरेटर के तापमान का नियमित रिकॉर्ड रखने और एक्सपायर्ड अथवा अनावश्यक दवाओं का नियमानुसार निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया।

लाइसेंसधारी दुकान से खरीदें दवाएं: औषधि नियंत्रक ने विक्रेताओं को बिक्री बिल, स्टॉक रजिस्टर व ड्रग लाइसेंस जैसे अभिलेख अपडेट रखने के साथ-साथ ग्राहकों को फार्मा सही दाम (Pharma Sahi Daam) ऐप के माध्यम से किफायती दवाओं की जानकारी देने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान आमजन से भी अपील की गई कि वे हमेशा लाइसेंसधारी दुकानों से ही दवाएं खरीदें, बिल लें और खरीदारी के समय एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें। साथ ही डॉक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन न करने और दवाओं को बच्चों की पहुंच व धूप-नमी से दूर सुरक्षित रखने का सुझाव दिया गया। इस अवसर पर उपखंड केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रहलाद टाक व सचिव सागर भगत सहित क्षेत्र के कई प्रमुख दवा विक्रेता एवं एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES