केकड़ी, 16 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री मिश्रीलाल दुबे महिला शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय दीपोत्सव 2025 का समापन गुरुवार को समारोहपूर्वक हुआ। इस दौरान छात्राध्यापिकाओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के सचिव चंद्रप्रकाश दुबे, परिवहन निरीक्षक महेंद्र कुमार गोधा व अतुल भारद्वाज एवं प्राचार्य डॉ. रामलाल वर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया। सांस्कृतिक समारोह में छात्राओं की प्रस्तुतियों ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र व भारतीय संस्कृति की झलक पेश की। खुशी सेन ने गणेश वंदना से शुरुआत की।

रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन: कार्यक्रम के दौरान दिव्या सैनी व आकांक्षा पारीक ने ‘घर मौरे परदेसिया’ पर मनमोहक नृत्य किया। पूजा ने ‘म्हारो राजस्थान’ एवं अनिता मेघवंशी व प्रियंका ने ‘मेरे घर राम आए’ पर नृत्य प्रस्तुत किया। नीलम, अंशिका शर्मा, गुनगुन सोनी व दीपाक्षी भारती ने भगवान राम दरबार की सुंदर झांकी सजाई, जो आकर्षण का केंद्र रही। किस्मत, स्मृति वैष्णव, रानी कुमारी, भूमिका मीणा, संजू गुर्जर, किरण एंड पार्टी, अनुष्का दाधीच, कविता कुमावत, रीना मेघवंशी, नेहल एंड ग्रुप सहित कई छात्राओं ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन चरित्र पर आधारित नृत्य नाटिका एवं अन्य नृत्य प्रस्तुत किए।

ये रहे परिणाम: कक्षा सजावट/रंगोली/मांडना में बी.एड. प्रथम वर्ष व बी.एस.सी. बी.एड. चतुर्थ वर्ष ने प्रथम, बी.एड. द्वितीय वर्ष ने द्वितीय एवं बी.ए. बी.एड. चतुर्थ वर्ष ने तृतीय तथा सांस्कृतिक प्रतियोगिता में बी.एड. द्वितीय वर्ष ने प्रथम, बी.एस.टी.सी. प्रथम वर्ष ने द्वितीय एवं बी.एस.सी. बी.एड. चतुर्थ वर्ष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। संस्थान के सचिव चंद्रप्रकाश दुबे ने विजेता छात्राध्यापिकाओं को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया और दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी। प्राचार्य डॉ. रामलाल वर्मा ने सभी को बधाई देकर कार्यक्रम का समापन किया। मंच संचालन आकांक्षा पारीक, संध्या खत्री, खुशी सेन व दिव्या सैनी ने किया।
