Homeशासन प्रशासनजलभराव से बेहाल हुआ न्यायालय परिसर: अधिवक्ताओं ने प्रशासन को दिया अल्टीमेटम,...

जलभराव से बेहाल हुआ न्यायालय परिसर: अधिवक्ताओं ने प्रशासन को दिया अल्टीमेटम, रविवार तक समाधान न होने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी

केकड़ी, 30 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): न्यायालय परिसर में लगातार हो रहे जलभराव व बदहाल व्यवस्थाओं से परेशान अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने उपखंड कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया तथा प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि रविवार तक समस्या का समाधान शुरू नहीं हुआ, तो सोमवार से न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर उग्र आंदोलन किया जाएगा। अधिवक्ताओं ने बताया कि हल्की बारिश होते ही पूरा न्यायालय परिसर जलमग्न हो जाता है। वर्षा जल निकासी की व्यवस्था, सड़क व पक्की नालियां न होने से बरसाती पानी अदालत कक्षों तक पहुंच जाता है। इससे न्यायिक कार्य प्रभावित होता है तथा अधिवक्ताओं, कर्मचारियों व पक्षकारों को पानी से होकर गुजरना पड़ता है।

आमजन को उठानी पड़ रही है परेशानी: कई बार बुजुर्ग पक्षकार व अधिवक्ता फिसलकर घायल भी हो चुके हैं, लेकिन लंबे समय से स्थायी समाधान नहीं किया गया है। अधिवक्ताओं ने बताया कि इस परिसर में पांच न्यायालयों के अलावा उपखंड कार्यालय, पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय, ट्रेजरी व पेंशन भवन सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय संचालित होते हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में आने वाले आमजन को जलभराव के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा हादसे की आशंका बनी रहती है। बार एसोसिएशन ने अल्टीमेटम दिया है कि रविवार तक समाधान न होने पर सोमवार से न्यायिक कार्य का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

केकड़ी: बारिश के बाद कचहरी परिसर में भरा पानी।

समाधान के लिए किया आश्वस्त: प्रदर्शन के दौरान उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने अधिवक्ताओं को शीघ्र समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन के दौरान बार अध्यक्ष सीताराम कुमावत, उपाध्यक्ष द्वारका प्रसाद पंचोली, कोषाध्यक्ष रविशंकर पंवार, एडवोकेट रामावतार मीणा, रोडू मल सोलंकी, आशुतोष शर्मा, नवलकिशोर पारीक, सूर्यकांत दाधीच, अनुराग शर्मा, राधे पटेल, फरीद खान, मिट्ठू सिंह राठौड़, परवेज नकवी, शिवप्रसाद पाराशर व दिनेश पारीक सहित कई अधिवक्ता मौजूद थे।

RELATED ARTICLES