केकड़ी, 30 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अवैध खनन व खनिजों के अवैध परिवहन की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरवाड़ थाना पुलिस व खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने लगभग 04 टन अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला द्वारा दिए गए आदेशों की पालना में सरवाड़ थानाधिकारी रामपाल शर्मा के नेतृत्व में यह कार्यवाही की गई। पुलिस के अनुसार एएसआई रामनिवास मय जाप्ता रात्रिकालीन गश्त पर थे। गश्त के दौरान खिरिया क्षेत्र में होटल के पास एक बिना नंबर का मैसी फर्ग्यूसन ट्रैक्टर-ट्रॉली, जिसमें बजरी भरी हुई थी, खिरिया से गोयला की ओर जाता दिखाई दिया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने वाहन को रुकवाकर जांच की। चालक से बजरी परिवहन के संबंध में रवन्ना, रॉयल्टी या अन्य वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।

खनिज विभाग की रिपोर्ट पर मामला दर्ज: पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाने ले आई तथा खनिज विभाग को सूचित किया। इसके बाद सहायक खनिज अभियंता कार्यालय (सावर) के खनिज कार्यदेशक श्रवण सिंह शेखावत ने वाहन का निरीक्षण किया, जिसमें करीब 04 टन अवैध बजरी पाई गई। खनिज विभाग की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। गिरफ्तार चालक की पहचान भीमराज गुर्जर (28) निवासी दिलवाड़ी थाना नसीराबाद सदर के रूप में हुई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में सरवाड़ थानाधिकारी रामपाल शर्मा, एएसआई रामनिवास, कॉन्स्टेबल हरिराम व दातारसिंह ने अहम भूमिका निभाई है।


