Homeशासन प्रशासनमुख्य राइजिंग लाइन से अवैध जल आपूर्ति पर कसा शिकंजा, जेसीबी की...

मुख्य राइजिंग लाइन से अवैध जल आपूर्ति पर कसा शिकंजा, जेसीबी की मदद से हटाए 24 अवैध कनेक्शन, विभाग ने शुरू की पेनल्टी की तैयारी

केकड़ी, 03 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जलदाय विभाग ने पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अवैध जल आपूर्ति के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को विभाग की टीम ने 150 एमएम राइजिंग मुख्य पाइपलाइन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 24 अवैध नल कनेक्शन विच्छेद किए। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिशासी अभियंता विक्रम सिंह गुर्जर के निर्देशों पर टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से विभिन्न स्थानों पर पाइपलाइन की खुदाई कर अवैध कनेक्शन काटे। जलदाय विभाग की टीम ने केकड़ी से धून्धरी जा रही मुख्य पाइपलाइन से ज्योतिबा फूले सर्किल, सिंधी गोदाम, नाईखेड़ा, कालेड़ा कृष्ण गोपाल, बोगला सहित कई जगहों पर हो रखे अवैध नल कनेक्शन हटाने की कार्रवाई की है।

संबंधित को किया पाबंद: सहायक अभियंता योगेश कटारिया ने बताया कि मुख्य पाइपलाइन से सीधे कनेक्शन जोड़कर जल की चोरी की जा रही थी। अब इन सभी अवैध कनेक्शनधारियों के खिलाफ विभाग नियमानुसार पेनल्टी (आर्थिक दंड) लगाने की प्रक्रिया शुरू कर चुका है। साथ ही भविष्य में दोबारा अवैध कनेक्शन न लेने के लिए संबंधित लोगों को पाबंद किया गया है। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में आमजन को पर्याप्त व सुचारू पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है।

ये रहे मौजूद: कार्रवाई के दौरान उपखंड सावर के सहायक अभियंता योगेश कटारिया, कनिष्ठ अभियंता दीपक कुमार शर्मा, सुपरवाइजर नवीन शर्मा व कमलेश शर्मा सहित जलदाय विभाग की पूरी टीम तैनात रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मुख्य पाइपलाइनों पर अवैध हस्तक्षेप करने वालों के खिलाफ आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES