Wednesday, April 23, 2025
Homeधर्म एवं संस्कृतिदेवनारायण भगवान के मेले में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, डेढ़ लाख से...

देवनारायण भगवान के मेले में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, डेढ़ लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

केकड़ी, 09 सितम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी जिले के मीणों का नयागांव में सोमवार को भादवीं छठ पर देवनारायण भगवान के लक्खी मेले का आयोजन हुआ। भगवान देवनारायण के स्थान से लेकर दो किलोमीटर तक श्रद्धालुओं की भीड़ ही भीड़ नजर आ रही थी। मेले में करीब 1.5 लाख लोगों ने भगवान देवनारायण के दर्शन किए। मेले में घोड़ियों का नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। भगवान देवनारायण के दर्शन करने के लिए सुबह से ही भक्तों की कतारें लगना शुरू हो गई। भगवान देवनारायण के दर्शन करने के लिए लोग घंटों तक कतार में लगे रहे, तब जाकर भगवान देवनारायण के दर्शन हुए।

केकड़ी: मीणों का नयागांव स्थित भगवान देवनारायण का स्थान।

भोग लगाकर मांगी मन्नत श्रद्धालुओं ने भगवान देवनारायण के खीर, चूरमे और नारियल का भोग लगाकर दर्शन कर मन्नत मांगी। मेले में आए महिला, पुरुषों और बच्चों ने झूले चकरियों का आनंद लिया। महिलाओं और युवतियों ने मणिहारी के सामानों की जमकर खरीददारी की। इससे पूर्व रात्रि में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन संध्या में गायक कलाकार गोकुल शर्मा ने एक से बढ़कर एक शानदार भजनों की प्रस्तुतियां दी।

तीन किलोमीटर पहले ही रोके वाहन देवनारायण भगवान के मेले में पुलिस प्रशासन ने केकड़ी रोड़ और उन्दरी गांव में दोनों जगहों पर वाहनों को बेरिकेड लगाकर रोक दिए। करीब तीन किलोमीटर पहले ही बेरिकेड लगाने के बावजूद मेले में पैर रखने की जगह नहीं बची। भगवान देवनारायण के मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को भोजन कराया गया। देव भक्तों के भोजन बनाने में करीब 60 से अधिक हलवाईयों की टीम पिछले तीन दिन से काम कर रही थी। करीब 80 हजार श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। सुबह भगवान देवनारायण के भोग लगाने के बाद भक्तों को भोजन प्रसादी ग्रहण करवाई गई। देर शाम तक मेले में करीब एक लाख से अधिक लोगों ने भोजन प्रसादी ग्रहण की।

केकड़ी: मीणों का नयागांव में आयोजित देवनारायण भगवान के मेले में उमड़े श्रद्धालु।

तीन पुलिस थानों का जाब्ता रहा तैनात देवनारायण भगवान के लक्खी मेले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए केकड़ी सदर, सावर, बोराड़ा पुलिस थाने सहित एमबीसी का अतिरिक्त जाब्ता तैनात रहा। वहीं पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा, सीआई राजेन्द्र कमांडो, सदर थानाधिकारी भंवरलाल, बोराडा थानधिकारी धर्मपाल मीणा व सावर थानाधिकारी सुमन चौधरी ने मेले में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डीजे के साथ पैदल यात्रा से पहुंचे लोग भगवान देवनारायण के दर्शन करने के लिए केकड़ी, शाहपुरा, भीलवाड़ा, बूंदी, कोटा, टोंक, अजमेर, सवाई माधोपुर समेत अन्य जगहों से देव भक्त दर्शन करने के लिए पहुंचे। आसपास के गांवों से लोग डीजे के साथ पैदल यात्रा में नाचते गाते हुए ध्वज पताका लेकर भगवान देवनारायण के स्थान पर दर्शन करने पहुंचे। जिसके चलते दिन भर देव भक्तों के हाथों में झंडे ही झंडे नजर आए। भगवान देवनारायण के दर्शन करने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया।

RELATED ARTICLES