केकड़ी, 01 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): रावणा राजपूत समाज भवन में महिला मंडल की विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के विकास में नारी शक्ति के योगदान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में समाज के उत्थान व महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस दौरान बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने व सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन में महिलाओं को जागरूक करने के विषयों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में महिलाओं के बीच जनचेतना को बढ़ावा देने के लिए आगामी दिनों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, सेवा कार्य व खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे महिला शक्ति को एक बेहतर मंच मिल सके।

2 अगस्त को मनेगा सावन महोत्सव: कार्यक्रम संयोजक लक्ष्मी राठौड़ ने बताया कि आगामी 2 अगस्त (रविवार) को ‘सावन महोत्सव‘ का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव के तहत समाज की महिलाओं व बालिकाओं के लिए एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य, गायन, चेयररेस, रस्साकसी, रंगोली व मेहंदी सहित अन्य कई खेलकूद व मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव में भाग लेने के लिए महिलाएं व बालिकाएं इस माह की आखिरी तारीख 31 जुलाई 2026 तक अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगी। इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक लक्ष्मी राठौड़, ममता कंवर, सीमा सिसोदिया, ऊषा शेखावत, लाली कंवर भाटी, ललिता कंवर, सुशीला गौड़, कलावती राणावत, लाली कंवर चौहान व संगीता भाटी सहित समाज की कई महिला पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रही।


