केकड़ी, 22 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पुरानी केकड़ी स्थित रामस्नेही वाटिका में आगामी दिनों में आयोजित होने वाली भव्य श्रीमद्भागवत कथा को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। कथा संचालन के लिए वाटिका परिसर में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के अनेक महिला व पुरुष श्रद्धालु एकत्रित हुए। बैठक के दौरान कथा की सूचना से जुड़े पोस्टर का विमोचन किया गया व विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस सात दिवसीय दिव्य कथा के कथावाचक श्री धाम गोवर्धन से पधारे सुप्रसिद्ध पंडित घनानंद महाराज होंगे, जो अपनी सुमधुर वाणी से श्रद्धालुओं को भागवत रस का पान कराएंगे। कथा का प्रतिदिन का समय रात्रि 7:15 बजे से रात्रि 10:15 बजे तक रहेगा।

29 मई को होगा शुभारंभ: कथा का शुभारंभ 29 मई को सुबह 8:15 बजे कलश यात्रा के साथ होगा। यह कलश यात्रा पुरानी केकड़ी स्थित माली की पथवारी से विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद प्रारंभ होगी, जो शहर के मुख्य मार्गों, सूरजपोल गेट व रामद्वारा होती हुई कथा स्थल रामस्नेही वाटिका पहुंचकर संपन्न होगी। आयोजन समिति ने बताया कि सात दिवसीय कथा के दौरान प्रतिदिन विशेष प्रसंगों पर झांकियां व उत्सव मनाए जाएंगे। इसके तहत 1 जून को श्रीकृष्ण जन्म उत्सव, 2 जून को छप्पन भोग व गोवर्धन पूजा, 3 जून को रुक्मिणी मंगल (विवाह उत्सव) व 4 जून को सुदामा चरित्र व परीक्षित मोक्ष का प्रसंग बडे़ ही धूमधाम से मनाया जाएगा।

समिति का किया गठन: कथा को भव्य रूप देने व सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभालने के लिए आयोजन समिति का गठन किया गया है। इस समिति में अशोक पारीक, आदित्य पारीक, गिरिराज पारीक, सीमा शर्मा, आनंदी राम सोमानी, अमित गर्ग, संजय कटारिया, निरंजन तोषनीवाल, सविता तोषनीवाल, महेंद्र प्रधान, शोभाराम माली, रामस्वरूप माली, भगवान शाक्य, रामजस माली, तुलसीराम विजय, ओम प्रकाश शर्मा, राजू माली, रामधन जाट, श्याम सोनी, छीतर जांगिड़, सरोज सोमानी, वंदना विजयवर्गीय, पिंकी वैष्णव, मैना वैष्णव, आशा माली, बसंती मंत्री, मीरा माली, महावीर माली, सहित कई कार्यकर्ता मुख्य रूप से अपनी सेवाएं देंगे। समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से कलश यात्रा व सात दिवसीय कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ उठाने की अपील की है।


