Homeचिकित्साडॉ. हैनिमैन की 271वीं जयंती मनाई: होम्योपैथी को बताया सुरक्षित व प्रभावी...

डॉ. हैनिमैन की 271वीं जयंती मनाई: होम्योपैथी को बताया सुरक्षित व प्रभावी चिकित्सा पद्धति

केकड़ी, 11 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के जनक डॉ. सेम्युअल हैनिमैन की 271वीं जयंती श्रद्धा, सम्मान व उत्साह के साथ मनाई गई। सदर बाजार स्थित कृष्णा कॉम्पलेक्स में डॉ. माथुर होम्योपैथिक क्लिनिक एंड रिसर्च सेंटर पर आयोजित कार्यक्रम में उनके चिकित्सा क्षेत्र में अमूल्य योगदान को याद करते हुए श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सेम्युअल हैनिमैन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। पूर्व पार्षद सुरेंद्र जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, वहीं योग शिक्षक जे.पी. सोनी व समाजसेवी पदमचंद सेठी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. मुकेश माथुर ने की। इस दौरान अतिथियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।

होम्योपैथी पद्धति की सराहना: मुख्य अतिथि सुरेन्द्र जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि होम्योपैथी आज के समय में सुरक्षित, सुलभ व प्रभावी उपचार के रूप में लोकप्रिय हो रही है। उन्होंने डॉ. हैनिमैन के योगदान को मानव सेवा का अद्भुत उदाहरण बताया। साथ ही, चिकित्सा संस्थान द्वारा पथरी सहित अन्य जटिल रोगों के सरल उपचार की सराहना की। विशिष्ट अतिथि जे.पी. सोनी ने कहा कि यह पद्धति शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाती है। उन्होंने सियाटिका, चर्म रोग व डायबिटीज जैसे रोगों के सफल उपचार के लिए किए जा रहे नवाचारों को सराहा। पदमचंद सेठी ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज में जागरूकता बढ़ने के साथ इस पद्धति के प्रति विश्वास निरंतर बढ़ रहा है।

स्वस्थ जीवनशैली का संदेश: अध्यक्षता करते हुए डॉ. मुकेश माथुर ने डॉ. हैनिमैन के सिद्धांतों को आज भी प्रासंगिक बताया व सभी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर दशरथ शर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में डॉ. नंदिता माथुर, डॉ. प्रणव माथुर, मानवी माथुर, नोरत मूंदड़ा, विजेंद्र जैन, शिव ओम चतुर्वेदी, शैलेन्द्र वाधवानी, हितेश व्यास (भीम), उदयराम शिवानी (लिबास), गोविंद शिवानी, ईलू सोनी, हनी शिवानी, सुदीप सोनी, कैलाश खाती व विमला माहेश्वरी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES