Friday, February 27, 2026
Homeक्राइम न्यूजशराब के नशे में बदमाशों का तांडव, युवक के साथ मारपीट कर...

शराब के नशे में बदमाशों का तांडव, युवक के साथ मारपीट कर हजारों की नकदी व रॉयल्टी के कागजात लूटे, ट्रेलर में की तोड़फोड़

केकड़ी, 27 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यहां पुराना कोटा रोड स्थित मोलकिया चौराहे पर देर रात शराब के नशे में धुत बदमाशों द्वारा राहगीरों के साथ मारपीट व लूटपाट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने न केवल एक युवक का सिर फोड़ दिया, बल्कि एक ट्रेलर के शीशे तोड़कर नकदी व जरूरी दस्तावेज भी लूट लिए। अजगरा निवासी अंकित कुमार शर्मा ने शहर थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह बीजवाड़ स्थित माइन्स में अकाउंटेंट का कार्य करता है। बीती रात करीब 11:30 बजे वह जितेंद्र वैष्णव के साथ मोलकिया चौराहे पर पहुंचा। वहां पहले से मौजूद प्रधान जाट व उसके दो अन्य साथियों ने शराब के नशे में उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने दोनों के साथ गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बदमाशों ने अंकित के सिर पर पत्थर से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

केस दर्ज, जांच शुरु: बदमाशों का आतंक यहीं नहीं रुका। उन्होंने वहां से गुजर रहे एक ट्रेलर (आरजे 48 जीके 9624) को भी रुकवाया व पत्थर मारकर उसके फाटक का शीशा तोड़ दिया। पीड़ित अंकित ने बताया कि बदमाश उसकी जेब में रखे लिफाफे से 28,100 रुपए, बिल वाउचर व रॉयल्टी के कागजात लूटकर फरार हो गए। जाते-जाते आरोपी पीड़ित की मोटरसाइकिल की चाबी भी निकाल कर ले गए। शहर थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपी प्रधान जाट व अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2) व 309(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एएसआई श्योजीलाल के जिम्मे की गई है।

RELATED ARTICLES