Thursday, April 24, 2025
Homeदेशराष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर हुआ शहर, तिरंगा यात्रा में गूंजे देशभक्ति...

राष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर हुआ शहर, तिरंगा यात्रा में गूंजे देशभक्ति के तराने

केकड़ी, 10 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में हर घर तिरंगा अभियान के तहत शनिवार को जिला प्रशासन की ओर से विशाल तिरंगा यात्रा निकली गई। नगर परिषद से रवाना हुई तिरंगा यात्रा को विधायक शत्रुघ्न गौतम ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर जिला कलक्टर श्वेता चौहान, पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामचन्द्र सिंह, उपखण्ड अधिकारी सुभाष चन्द्र हेमानी, तहसीलदार एवं नगर परिषद आयुक्त बंटी राजपूत, पंचायत समिति प्रधान होनहार सिंह राठौड़ समेत जिला स्तर के अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

15 अगस्त को हर घर में लहराएगा तिरंगा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश के प्रत्येक घर में राष्ट्रीय ध्वज फहराना है। अभियान के माध्यम से देश के नागरिकों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावनाओं को बढ़ावा देना है। उन्होंने लोगों से अपने घरों पर 15 अगस्त को तिरंगा फहराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अभियान देश के लोगों को अपनी स्वतंत्रता और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को याद करने को सम्मान करने के लिए प्रेरित करता है। यात्रा का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

लगाए भारत माता के जयकारे तिरंगा यात्रा नगर परिषद से चौपाटी, तीनबत्ती चौराहा, अजमेरी गेट, घण्टाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, सरसड़ी गेट, ब्यावर रोड चौराहा, अजमेर रोड, बीजासण माता मंदिर होते हुए वापस नगर परिषद पहुंच कर सम्पन्न हुई। इस दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में डूबा नजर आया। लोग भारत माता की जय एवं वंदेमातरम आदि के नारे लगाते हुए चल रहे थे। तिरंगा यात्रा में करीब एक हजार से अधिक स्कूली छात्र, सरकारी अधिकारी, कर्मचारी व शहरवासी शामिल हुए। तिरंगा यात्रा में शामिल अधिकतर लोग भगवा, केसरिया व सफेद वस्त्र पहने हुए थे।

RELATED ARTICLES