Homeराजनीतिकेकड़ी में चढ़ने लगा चुनावी पारा, भाजपा-कांग्रेस ने झोंकी ताकत; 25 वार्डों...

केकड़ी में चढ़ने लगा चुनावी पारा, भाजपा-कांग्रेस ने झोंकी ताकत; 25 वार्डों में सीधी टक्कर, 11 में त्रिकोणीय व 4 में चतुष्कोणीय मुकाबला

केकड़ी, 05 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका चुनाव के लिए मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है केकड़ी में सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। आगामी 9 सितंबर को होने वाले मतदान को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। दोनों प्रमुख दलों के नेता और कार्यकर्ता मतदाताओं तक पहुंचने में जुटे हैं। वहीं चुनावी सभाओं, जनसंपर्क और आरोप-प्रत्यारोप के बीच मुकाबला लगातार रोचक होता जा रहा है। केकड़ी नगर पालिका के 40 वार्डों में से 25 वार्डों में भाजपा व कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। इन वार्डों में तीसरे प्रत्याशी की मौजूदगी नहीं होने से मुकाबला सीधे तौर पर दोनों प्रमुख दलों के बीच सिमटा हुआ है। ऐसे में इन वार्डों के नतीजे पालिका में बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। वहीं 11 वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय है। इन वार्डों में भाजपा-कांग्रेस के साथ आरएलपी अथवा निर्दलीय प्रत्याशी भी मुकाबले को त्रिकोणीय बना रहे हैं।इसके अलावा 4 वार्डों में चतुष्कोणीय मुकाबला होने से यहां किसी एक प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी तस्वीर साफ नजर नहीं आ रही है। ऐसे में पालिका बोर्ड पर कब्जे को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी राजनीतिक प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।

भाजपा ने भरी हुंकार: भाजपा के चुनावी अभियान की कमान विधायक शत्रुघ्न गौतम संभाल रहे हैं। पार्टी ने सभी 40 वार्डों में प्रत्याशी उतारकर पालिका में अपना बोर्ड बनाने का लक्ष्य रखा है। भाजपा नेता और कार्यकर्ता केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और स्थानीय मुद्दों को लेकर मतदाताओं के बीच पहुंच रहे हैं। पार्टी की कोशिश है कि विधानसभा चुनाव में मिली राजनीतिक बढ़त को नगर पालिका चुनाव में भी बरकरार रखा जाए। विधायक शत्रुघ्न गौतम के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता वार्ड स्तर पर सक्रिय नजर आ रहे हैं। पार्टी के सामने जहां अधिक से अधिक वार्ड जीतने की चुनौती है, वहीं प्रत्याशियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना भी अहम माना जा रहा है।

केकड़ी: शत्रुघ्न गौतम, अनिल मित्तल व डॉ. रघु शर्मा (फाइल फोटो)

कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत: कांग्रेस की बागडोर पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक डॉ. रघु शर्मा के नेतृत्व में पूर्व पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल संभाल रहे हैं। कांग्रेस भी सभी 40 वार्डों में चुनाव लड़ रही है और पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने वार्डों में जनसंपर्क तेज कर दिया है। कांग्रेस स्थानीय मुद्दों, नगर पालिका के पिछले कार्यकाल और शहर से जुड़े विकास कार्यों को चुनावी मुद्दा बनाने में जुटी है। पार्टी नेताओं का प्रयास है कि मतदाताओं के बीच भाजपा के मुकाबले कांग्रेस को मजबूत विकल्प के रूप में पेश किया जाए। पूर्व पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल की सक्रियता को भी कांग्रेस के चुनावी अभियान में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रतिष्ठा का सवाल बना चुनाव: कुल मिलाकर केकड़ी का नगर पालिका चुनाव इस बार भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए प्रतिष्ठा का चुनाव बन गया है। भाजपा के सामने विधायक शत्रुघ्न गौतम के नेतृत्व में पालिका पर अपना कब्जा जमाने की चुनौती है, तो कांग्रेस पूर्व मंत्री डॉ. रघु शर्मा के नेतृत्व में अपने पुराने राजनीतिक प्रभाव को कायम रखने के लिए जोर लगा रही है। दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो चुका है। चुनावी प्रचार के अंतिम दौर में नेताओं के हमले और तेज होने की संभावना है। अब नजर इस बात पर है कि 9 सितंबर को मतदाता किसके पक्ष में अपना जनादेश देते हैं और 40 वार्डों की यह चुनावी बाजी किस दल के पक्ष में जाती है।

RELATED ARTICLES