केकड़ी, 18 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी को पुनः जिला बनाने की मुहिम को लेकर सावर से मुख्यमंत्री आवास (जयपुर) तक विशाल पैदल मार्च सोमवार को रवाना हो गया। सावर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट विश्वजीत सिंह शक्तावत के नेतृत्व में निकले इस हजारों के काफिले में शामिल पदयात्रियों के कदम 41 डिग्री सेल्सियस के चिलचिलाती धूप व भारी तपन में भी नहीं थमे। सावर से रवाना होकर पैदल मार्च के गुलगांव पहुंचने तक ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर यात्रियों का भव्य स्वागत किया। इस दौरान कई स्थानों पर जेसीबी मशीनों से पुष्पवर्षा कर पदयात्रियों का उत्साहवर्धन किया गया। फिलहाल पैदल मार्च गुलगांव स्थित चामुंडा माता परिसर में विश्राम के लिए रुका है, जबकि आज का रात्रि विश्राम कोहड़ा में तय किया गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार सुबह 8 बजे यह रैली केकड़ी पहुंचेगी।

ये है प्रमुख मांगे: विश्वजीत सिंह शक्तावत ने बताया कि पैदल मार्च के जयपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगे की जाएगी। जिसमे केकड़ी को पुनः जिला बनाने की मांग व नसीराबाद-देवली फोरलेन पर सावर में बाईपास की सुविधा सुनिश्चित करना प्रमुख है। इसी के साथ भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना व प्रशासनिक अव्यवस्थाओं में सुधार करना, अवैध बजरी परिवहन के कारण हो रहे हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाना व भूमाफियाओं द्वारा फैलाई जा रही अराजकता पर लगाम कसना एवं बिजली-पानी की अनियमितता को दूर करना व विधानसभा क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत करवाना शामिल है।


