केकड़ी, 28 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल लाल धोबी का शुक्रवार को अजमेर में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही केकड़ी सहित पूरे विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक एवं विभिन्न वर्गों के लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। गोपाल लाल धोबी का जन्म 3 नवंबर 1963 को केकड़ी में हुआ था। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत केकड़ी नगर पालिका के पार्षद के रूप में की। इसके बाद उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष का दायित्व संभाला। परिजनों के अनुसार वे पिछले कुछ दिनों से हृदय रोग से पीड़ित थे। शुक्रवार को सुबह उनकी तबियत अचानक खराब हो गई। इसके बाद उन्हें अजमेर ले जाया गया। जहां मित्तल अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

13,862 मतों से हासिल की थी जीत: राजनीतिक सक्रियता के चलते वर्ष 2003 के राजस्थान विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने गोपाल लाल धोबी को केकड़ी विधानसभा क्षेत्र से अपना प्रत्याशी बनाया। उस समय केकड़ी विधानसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित थी। धोबी ने कांग्रेस प्रत्याशी एवं तत्कालीन पूर्व विधायक बाबूलाल सिंगारिया को पराजित कर चुनाव में जीत दर्ज की। उपलब्ध चुनावी आंकड़ों के अनुसार गोपाल लाल धोबी को 53,269 मत, जबकि बाबूलाल सिंगारिया को 39,407 मत मिले थे। धोबी ने 13,862 मतों के अंतर से जीत हासिल की थी।

भाजपा व कांग्रेस के नेताओं ने जताया शोक: गोपाल लाल धोबी के निधन का समाचार मिलते ही भाजपा, कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं व आमजन में शोक की लहर दौड़ गई। केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम सहित भाजपा के अनेक नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने भी गोपाल लाल धोबी के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसी प्रकार भाजपा नेता राजेन्द्र विनायका ने भी धोबी के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है।

29 अगस्त को होगा अंतिम संस्कार: निधन की सूचना के बाद उनके निवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। परिजनों के अनुसार गोपाल लाल धोबी का अंतिम संस्कार शनिवार, 29 अगस्त 2026 को देवगांव गेट के बाहर स्थित श्मशान स्थल पर किया जाएगा। उनके परिवार में पत्नी, तीन पुत्र एवं एक पुत्री हैं। नगर पालिका के पार्षद से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू कर नगर पालिका अध्यक्ष और फिर विधायक बनने वाले गोपाल लाल धोबी के निधन से केकड़ी ने राजनीति का एक प्रमुख चेहरा खो दिया है।

