केकड़ी, 01 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जयपुर रोड स्थित एक ट्रांसपोर्ट ऑफिस के बाहर खड़ी गाड़ियों व एक निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों द्वारा बैटरियां व बिजली के तार चोरी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित ने शहर थाना पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। जयपुर रोड बीएसएनएल टावर के पास स्थित ट्रांसपोर्ट ऑफिस के संचालक धर्मराज चौधरी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि बुधवार सुबह जब वे अपने ऑफिस पहुंचे, तो बाहर खड़े ट्रक के तार कटे हुए मिले व उसमें से दो बैटरियां गायब थी। इसके बाद जब उन्होंने ऑफिस के पीछे बाड़े में खड़ी दूसरे ट्रक को देखा, तो उसकी भी खिड़की खुली हुई थी व उसमें से भी दो बैटरियां गायब थीं। चोर दोनों गाड़ियों से कुल चार बैटरियां चुरा ले गए।

बीती रात हुई वारदात: पीड़ित ने बताया कि इसके कुछ देर बाद जब वे विधायक गली स्थित अपने निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे, तो पता चला कि चोर वहां से भी बिजली के तार समेट ले गए हैं। यह वारदात 30 जून की रात को अंजाम दी गई, जिसकी जानकारी बुधवार सुबह लगी। पीड़ित धर्मराज चौधरी ने शिकायत में बताया कि उनके यहां चोरी की यह पहली वारदात नहीं है। इससे पूर्व करीब 5 साल पहले भी ऑफिस के बाहर से टायर, मोटर पार्ट्स का सामान व बैटरियां चोरी हुई थीं। वहीं करीब 2 साल पहले मकान से पानी की मोटर भी चोरी हो गई थी, जिनका आज दिन तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पीड़ित ने पुलिस से इन चोरियों की सख्ती से जांच करने व चोरों को पकड़कर सख्त सजा दिलाने की मांग की है।


