केकड़ी, 18 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर थाना पुलिस ने दुकान के अंदर घुसकर दुकानदार पर धारदार हथियार से हमला करने एवं जेब में रखे रुपए लूटने के दो साल पुराने मामले में फरार चल रहे चार इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में चार आरोपी गत 12 जुलाई 2025 को गिरफ्तार हो चुके है। थानाधिकारी कुसुमलता मीणा ने बताया कि देवगांव निवासी जगदीश माली पुत्र मंगलाराम माली ने गत 17 अक्टूबर 2023 को रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसका भाई शैतान माली देवगांव में किराए की दुकान में चाय की होटल चलाता है। 16 अक्टूबर की रात्रि को लगभग 9.30 बजे शैतान माली बर्तन साफ करने के बाद दुकान में जमा रहा था।

मारपीट कर छीने रुपए: इसी दौरान देवगांव निवासी मुसरफ पुत्र इलियास देशवाली, इसराइल पुत्र इस्लाम देशवाली, खुर्शीद पुत्र फैज मोहम्मद, शहजाद पुत्र इस्लाम देशवाली, शहजाद पुत्र लतीफ, सत्तार पुत्र अलारखी, सद्दाम उर्फ कालू पुत्र कमाल एवं साहिल उर्फ बाबू पुत्र शिराज देशवाली एकराय होकर दुकान पर पहुंचे और अन्दर घुसकर शैतान के साथ मारपीट शुरु कर दी। आरोपियों ने शैतान पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी के साथ आरोपी उसके पास रखे लगभग 30—35 हजार रुपए लूट कर फरार हो गए। शैतान को घायल अवस्था में केकड़ी स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अजमेर रेफर कर दिया गया।

गिरफ्तारी के डर से फरार हुए आरोपी: पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। लेकिन आरोपी पुलिस के डर से फरार हो गए। वांछित अपराधियों की तलाश एवं धरपकड़ के दौरान सदर थाना पुलिस के हैड कांस्टेबल राजेश व शहर थाना पुलिस के कांस्टेबल रामराज सामरिया को पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय से आसूचना मिली कि उक्त प्रकरण में दो साल से फरार चल रहे शाहिल उर्फ बाबू (25) पुत्र सिराजुद्दीन, मुशरफ (23) पुत्र इलियास, इसराइल (27) पुत्र इस्लाम एवं अब्दुल सत्तार (73) पुत्र अल्लारखां जगह बदल बदल कर फरारी काट रहे है तथा परिवारजनों से मिलने इन दिनों देवगांव आए हुए है। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी के लिए 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा है।

संभावित स्थानों पर दी दबिश: सूचना विश्वसनीय होने पर अनुसंधान अधिकारी एएसआई घीसालाल को जानकारी से अवगत कराया।उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीम गठित कर वांछित आरोपियों की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान चारों आरोपी गांव में छिपे हुए मिल गए। पुलिस टीम ने आवश्यक जांच पड़ताल के बाद चारों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों के फरारी काटने व अन्य प्रकरणों में संलिप्तता के बारे में अनुसंधान कर रही है। सीआई कुसुमलता मीणा ने बताया कि उक्त प्रकरण में चार आरोपी खुर्शीद पुत्र फैज मोहम्मद, शहजाद पुत्र इस्लाम, सद्दाम उर्फ कालू पुत्र कमाल एवं शहजाद पुत्र सद्दीक गत 12 जुलाई 2025 को ही गिरफ्तार हो चुके है।

विशेष टीम ने दबोचा: पुलिस महानिरीक्षक अजमेर रेंज राजेन्द्र सिंह व पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी श्योराज मल मीणा व पुलिस उप अधीक्षक केकड़ी हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में गठित विशेष पुलिस टीम में शहर थानाधिकारी कुसुमलता मीणा, एएसआई घीसालाल, एएसआई कप्तान सिंह, सदर थाना पुलिस के हैड कांस्टेबल राजेश (विशेष योगदान), शहर थाना पुलिस के हैड कांस्टेबल राकेश, कांस्टेबल रामराज सामरिया (विशेष योगदान), पंकज लक्षकार (विशेष योगदान), राकेश, श्रवण, नीरज, महेन्द्र, विवेक व कालूराम शामिल है।
संबंधित समाचार पढ़िए…

