केकड़ी, 27 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्रीराम ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड हिंगोनिया की वर्ष 2026 की वार्षिक आमसभा का आयोजन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी व विधायक शत्रुघ्न गौतम बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अजमेर सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष मदन गोपाल चौधरी, प्रबंधक हरीश सिवासिया व मुकेश शर्मा मौजूद रहे। आमसभा की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष महावीर प्रसाद पाराशर ने की। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने विद्यालय परिसर में टीनशेड निर्माण के लिए 20 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की। विधायक शत्रुघ्न गौतम ने ग्राम पंचायत क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण करवाने का आश्वासन देते हुए श्मशान घाट विकास के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की।

गोदामों का शिलान्यास व लोकार्पण: समारोह के दौरान राजस्थान सरकार की बजट घोषणा के अंतर्गत 500 एमटी क्षमता के नवीन गोदामों का शिलान्यास व लोकार्पण किया गया। इसमें श्रीराम ग्राम सेवा सहकारी समिति (हिंगोनिया) के लिए 25 लाख, बघेरा समिति के लिए 25 लाख व सुनारिया समिति के लिए 12 लाख रुपए सहित कुल 62 लाख रुपए की लागत से बनने वाले गोदाम शामिल हैं। इसके साथ ही ग्राम पंचायत हिंगोनिया के छह विभिन्न विकास कार्यों का भी लोकार्पण संपन्न हुआ। आमसभा के दौरान समिति सदस्यों को लगभग 85.55 लाख रुपए की लाभांश राशि वितरित की गई। इस मौके पर जन कल्याण कोष के माध्यम से ग्रामीणों व जरूरतमंदों को विभिन्न उपयोगी सामग्री का वितरण भी किया गया।

आय-व्यय के ब्योरे की सर्वसम्मति से पुष्टि: समारोह में नारायण सिंह राठौड़ ने स्वागत भाषण दिया। आमसभा की वैधानिक कार्रवाई के तहत समिति व्यवस्थापक/सचिव राजेंद्र कुमार शर्मा ने समिति का आय-व्यय खाता, लाभ-हानि खाता व संतुलित चित्र (बैलेंस शीट) पढ़कर सुनाया, जिसकी सदन द्वारा सर्वसम्मति से पुष्टि की गई। वहीं भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश संगठन मंत्री किशोर नाथ सिसोदिया ने समिति का मांग पत्र अतिथियों के समक्ष रखा। कार्यक्रम का संचालन मोजेन्द्र सिंह राव ने किया। समिति उपाध्यक्ष महेश शर्मा ने सभी आगंतुक अतिथियों का आभार जताया।

ये रहे मौजूद: इस मौके पर सरवाड़ तहसीलदार बन्टी राजपूत, थानाधिकारी रामपाल शर्मा, सरपंच घीसालाल कीर, सहायक व्यवस्थापक हंसराज सोनी व मुकेश पारीक ने अतिथियों का सूत की माला व साफा पहनाकर स्वागत किया। पदाधिकारियों ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से किसानों व ग्रामीणों के विकास को एक नई दिशा मिल रही है। समारोह में हिंगोनिया व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, सहकारी समिति के सदस्य, केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडल अध्यक्ष, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।


