Homeपुलिस प्रशासनपुलिस महानिरीक्षक ने किया वृत्त कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण: क्राइम मीटिंग में...

पुलिस महानिरीक्षक ने किया वृत्त कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण: क्राइम मीटिंग में अपराध नियंत्रण व लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए दिए कड़े निर्देश

केकड़ी, 21 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक राजेन्द्र सिंह ने मंगलवार को वृत्त कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया व सर्किल क्षेत्र की महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग लेकर क्षेत्र की कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अपराधियों पर सख्त नकेल कसने व लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए। महानिरीक्षक के आगमन पर पुलिसकर्मियों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनरदिया गया। इसके पश्चात आईजी ने वृत्त कार्यालय के रिकॉर्ड, पत्रावलियों आदि का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी व जनहितैषी बनाने पर जोर दिया।

क्राइम मीटिंग में थानों के कामकाज की समीक्षा: वृत्त कार्यालय में आयोजित बैठक में आईजी राजेन्द्र सिंह ने सर्किल के सभी थानाधिकारियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने थानों में दर्ज मामलों, विशेषकर महिलाओं व वंचित वर्ग से जुड़े अपराधों की जांच स्थिति की जानकारी ली। आईजी ने निर्देश दिए कि क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों व असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने थानों में आने वाले परिवादियों की सुनवाई पूरी संवेदनशीलता के साथ करने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

केकड़ी: आईजी राजेन्द्र सिंह को गार्ड ऑफ ऑनर देते पुलिस जवान।

मौजूद रहे पुलिस अधिकारी: बैठक व निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील, पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा, शहर थानाधिकारी अनिल शर्मा, सदर थानाधिकारी जगदीश चौधरी, सरवाड़ थानाधिकारी रामपाल शर्मा, भिनाय थानाधिकारी ओमप्रकाश मीणा, सावर थानाधिकारी राधेश्याम जाट व सराना थानाधिकारी रामपाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

शहर थाने की व्यवस्थाओं को परखा: वृत्त कार्यालय के निरीक्षण के पश्चात आईजी राजेन्द्र सिंह शहर थाने पहुंचे, जहां पुलिसकर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अवलोकन के दौरान उन्होंने थाने के विभिन्न अनुभागों का सघन निरीक्षण किया। सिंह ने मालखाना, हवालात, मेस व कंप्यूटर कक्ष की साफ-सफाई व व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने थानाधिकारी को निर्देश दिए कि थाने में आने वाले प्रत्येक परिवादी की समस्या को गंभीरता से सुना जाए व उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। आईजी ने बीट प्रणाली को और अधिक मजबूत करने, रात्रि गश्त में प्रभावी निगरानी रखने व पुराने रिकॉर्ड के सुव्यवस्थित रखरखाव के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES