केकड़ी, 17 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री मिश्रीलाल दुबे उच्च माध्यमिक अकादमी में राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अजमेर द्वारा “न्याय आपके द्वार” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोक उपयोगिता संबंधी समस्याओं का सुलभ व त्वरित समाधान तथा विद्यार्थियों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। संस्थान के निदेशक डॉ. अविनाश दुबे ने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक व्यक्ति के लिए अपने अधिकारों व कर्तव्यों की जानकारी होना आवश्यक है। विधिक जागरूकता विद्यार्थियों को सजग बनाती है और समाज में जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कानून का सम्मान करने व जरूरतमंदों को विधिक सहायता की जानकारी देने का आह्वान किया।

नागरिक अधिकारों की दी जानकारी: प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार जांगिड़ ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संविधान व नागरिक अधिकारों की जानकारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है। तालुका विधिक सेवा समिति के अधिकार मित्र दिलखुश साधु ने “न्याय आपके द्वार” अभियान, निःशुल्क विधिक सहायता व कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस अवसर पर विकास सिंह शक्तावत, मनोज कुमार वर्मा, रामराज कुमार, मुरलीधर, दिनेश चौधरी, अमन पारीक, शारीरिक शिक्षक जय सिंह राणा, भावना दवे, ममता कंवर, आत्मा सुथार, कविता शर्मा सहित विद्यालय स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

