Site icon Aditya News Network – Kekri News

रफ्तार का कहर: ट्रैक्टर की टक्कर से मजदूर की मौत, फसल कटाई के लिए जा रहा था युवक

केकड़ी: दुर्घटनाकारित करने वाला ट्रैक्टर।

केकड़ी, 09 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सदर थाना क्षेत्र के प्रान्हेड़ा गांव में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में खेत पर मजदूरी करने जा रहे युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार देवखेड़ा खवास निवासी हरजी (26) पुत्र रणजीत बागरिया प्रान्हेड़ा गांव में काचरिया रास्ते पर स्थित खेतों में फसल कटाई के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।

केकड़ी: हादसे के बाद मौके पर पड़ा मजदूर।

परीक्षण के बाद मृत घोषित: आसपास के लोगों ने घायल हरजी को तुरंत राजकीय जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची व शव को मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। सदर थानाधिकारी जगदीश प्रसाद चौधरी ने बताया कि मृतक के भाई बद्री बागरिया की रिपोर्ट पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Exit mobile version