Homeराजनीतिविधायक शत्रुघ्न गौतम के प्रयासों से पूरी हुई वर्षों पुरानी मांग: 25...

विधायक शत्रुघ्न गौतम के प्रयासों से पूरी हुई वर्षों पुरानी मांग: 25 साल बाद फिर दौड़ेगी पुराने केकड़ी–देवली वाया रामथला मार्ग पर रोडवेज बस, 20 से अधिक ग्राम पंचायतों को मिलेगा लाभ

केकड़ी, 26 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। करीब 25 साल बाद पुराने केकड़ीदेवली वाया रामथला मार्ग पर राजस्थान रोडवेज की बस सेवा एक बार फिर शुरू होगी। विधायक शत्रुघ्न गौतम के लगातार प्रयासों व रोडवेज प्रशासन से समन्वय के बाद यह बहुप्रतीक्षित सुविधा आगामी 1 अगस्त से आमजन के लिए उपलब्ध होगी।केकड़ी डिपो के मुख्य प्रबंधक हेमराज मीणा ने बस संचालन के आदेश जारी कर दिए हैं।

प्रतिदिन लगेंगे चार फेरे: आदेश के अनुसार केकड़ी डिपो की बस इस मार्ग पर प्रतिदिन करीब चार फेरे लगाएगी। बस सेवा शुरू होने से केकड़ी व देवली उपखंड की 20 से अधिक ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों, किसानों, मरीजों तथा आम यात्रियों को अब सुरक्षित, सस्ती व नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। लंबे समय से इस मार्ग पर रोडवेज बस सेवा बंद रहने के कारण लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे समय व धन दोनों की अतिरिक्त हानि होती थी।

2004 में डूबा था नेगड़िया का ब्रिटिशकालीन पुल: बीसलपुर बांध में वर्ष 2004 में पूर्ण जलभराव होने के बाद बनास नदी पर स्थित नेगड़िया का ब्रिटिशकालीन पुल डूब गया था। इसके बाद पुराने केकड़ीदेवली मार्ग पर रोडवेज बसों का संचालन पूरी तरह बंद हो गया व लोगों को वैकल्पिक लंबे मार्गों से यात्रा करनी पड़ती थी। वर्ष 2014 में बनास नदी पर करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से नया पुल बनकर तैयार हो गया, लेकिन पुल बनने के बाद भी इस मार्ग पर रोडवेज बस सेवा शुरू नहीं हो सकी थी। अब करीब 25 वर्षों बाद इस मार्ग पर फिर से रोडवेज बस दौड़ने जा रही है।

केकड़ी से देवली वाया रामथला चलने वाली रोडवेज बस।

दो दर्जन से अधिक गांवों को मिलेगा सीधा लाभ: नई बस सेवा शुरू होने से नाईखेड़ा, मोलकिया, आमली, तसवारिया, सलारी, तितरिया, कालेड़ा कृष्ण गोपाल, बोगला, धून्धरी, उंदरी, टांकावास, बाजटा, चांदथली, रामथला, बडला, बीजवाड़, मालेड़ा, नासिरदा, थांवला व नेगड़िया समेत दो दर्जन से अधिक गांवों के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। ग्रामीणों को चिकित्सा, शिक्षा, व्यापार, सरकारी कार्यालयों व अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने में काफी सुविधा होगी।

छात्रों की शिक्षा को मिलेगा नया सहारा: मार्ग पर 25 वर्षों से बसों का नियमित संचालन न होने के कारण कई गांवों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई विद्यार्थियों ने आर्थिक व परिवहन की कठिनाइयों के कारण पढ़ाई बीच में छोड़ दी, जबकि कई छात्रों को किराये पर रहकर शिक्षा ग्रहण करनी पड़ रही थी। अब बस सेवा शुरू होने से छात्र-छात्राएं प्रतिदिन घर से कॉलेज व शिक्षण संस्थानों तक आसानी से आ-जा सकेंगे।

40 करोड़ के पुल का होगा बेहतर उपयोग: नेगड़िया के पास बनास नदी पर करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से बने नए पुल का वर्षों तक अपेक्षित उपयोग नहीं हो पाया था। बस सेवा न होने से क्षेत्र के लोगों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल रहा था। अब रोडवेज बस संचालन शुरू होने से इस महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना का बेहतर उपयोग हो सकेगा। रोडवेज बस सेवा शुरू होने की घोषणा के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे जनहित का महत्वपूर्ण निर्णय बताते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम व रोडवेज प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

इनका कहना है: इस संबंध में विधायक शत्रुघ्न गौतम का कहना रहा कि पुराने केकड़ीदेवली मार्ग पर वर्षों से रोडवेज बस सेवा व निजी वाहन भी नियमित रूप से संचालित नहीं हो रहे थे। क्षेत्र के लोगों ने इस समस्या से अवगत कराया था। आमजन की सुविधा को देखते हुए तत्काल केकड़ीदेवली वाया रामथला बस सेवा शुरू कराई गई है। आने वाले समय में इस मार्ग पर और बसें भी संचालित की जाएंगी। प्रदेश की भाजपा सरकार आमजन के हितों के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। केकड़ी डिपो से आसपास की प्रत्येक ग्राम पंचायत को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। साथ ही पुराने केकड़ीदेवली मार्ग का भी शीघ्र उन्नयन कराया जाएगा।

RELATED ARTICLES