Thursday, March 26, 2026
Homeधर्म एवं संस्कृतिश्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव; कुटुंब प्रबोधन...

श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव; कुटुंब प्रबोधन व एकता पर दिया जोर

केकड़ी, 26 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव देवगांव गेट स्थित सांसी बस्ती (माता जगदंबा मंदिर) में श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया। विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल नगर केकड़ी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं व कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर सामाजिक एकता का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विहिप की परंपरा के अनुसार ओंकार मंत्र, एकात्मता मंत्र व विजय महामंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। मुख्य वक्ता सीमा सोनी ने प्रभु श्रीराम के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन त्याग, मर्यादा व कर्तव्यनिष्ठा का सर्वोपरि उदाहरण है। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि वे दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएं, नियमित हनुमान चालीसा का पाठ करें व बच्चों में सेवा के संस्कार विकसित करें। उन्होंने वर्तमान समय में राष्ट्र निर्माण के लिए कुटुंब प्रबोधन व सामाजिक समरसता को अनिवार्य बताते हुए समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया।

समरसता व भाईचारे पर दिया जोर: कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बन्नी देवी सांसी ने सामाजिक समरसता पर विचार व्यक्त करते हुए आपसी भाईचारे व सहयोग की भावना को सुदृढ़ करने पर बल दिया। इस अवसर पर विहिप के जिला उपाध्यक्ष चांदमल जैन, जिला सत्संग प्रमुख काशीराम, जिला गौरक्षा प्रमुख रामावतार चौधरी व प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। उत्सव में नगर मंत्री मुकेश शर्मा (एडवोकेट), नगर सह मंत्री ओमप्रकाश सोनी, राजेंद्र फतेहपुरिया, समरसता प्रमुख पृथ्वीराज जीनगर, दिनेश वैष्णव, जगेश्वर प्रसाद शर्मा, शैतान सांसी व मदन गोपाल चौधरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन काशीराम विजय ने किया। अंत में आयोजकों ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES