केकड़ी, 04 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जन अभियोग निराकरण व जल शक्ति एवं स्वच्छता विभाग, भारत सरकार के निर्देशानुसार 1 जून से 5 जून 2026 तक विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “स्वच्छ गांव- सुरक्षित जलवायु” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गुरुवार को विकास अधिकारी दिशी शर्मा ने ग्राम पंचायत कादेड़ा का औचक निरीक्षण किया। वे यहां ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई में प्रभारी अधिकारी के रूप में उपस्थित रही, जहां निरीक्षण के दौरान पंचायत में विकास कार्यों व स्वच्छता को लेकर भारी लापरवाही सामने आई।

गांव में नहीं मिली दृश्यमान स्वच्छता, नियमों की उड़ी धज्जियां: निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत क्षेत्र में कहीं भी दृश्यमान स्वच्छता नहीं पाई गई। केंद्र व राज्य सरकार के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद गांव में नियमित सड़क सफाई, नाला व नालियों की सफाई तथा सामुदायिक परिसंपत्तियों की सफाई का कार्य पूरी तरह ठप मिला। इसके अलावा, प्रशासनिक पारदर्शिता व रिकॉर्ड संधारण के लिए राज्य सरकार द्वारा निर्धारित 4 महत्वपूर्ण प्रपत्र (रजिस्टर) भी मौके पर संधारित नहीं पाए गए, जिसे विकास अधिकारी ने अत्यंत गंभीरता से लिया।

कारण बताओ नोटिस जारी, तीन दिन का अल्टीमेटम: निरीक्षण में पाई गई इन गंभीर लापरवाहियों व अनियमितताओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए विकास अधिकारी दिशी शर्मा ने संबंधित ग्राम विकास अधिकारी, प्रशासक ग्राम पंचायत व सफाई व्यवस्था संभाल रहे संवेदक (ठेकेदार) को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत में हुए कार्यों व व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है। विकास अधिकारी ने सख्त लहजे में निर्देश दिए हैं कि आगामी तीन दिवस के भीतर ग्राम पंचायत क्षेत्र में संपूर्ण सफाई कार्य सुनिश्चित किया जाए व धरातल पर दृश्यमान स्वच्छता नजर आनी चाहिए, अन्यथा संबंधित के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


