केकड़ी, 26 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर के पुरानी केकड़ी क्षेत्र स्थित गुजराती मोहल्ला में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े डकैती की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एक सूने मकान में घुसकर महिलाओं को चाकू की नोक पर धमकाया व घर में रखे करीब 12 लाख रुपए नकद सहित लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण समेटकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में दहशत व सनसनी फैल गई। घटना का पता चलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

क्या है मामला: पुलिस को दी रिपोर्ट में शैलेश झंवर ने बताया कि उनकी दादी विमला देवी झंवर (82) अपने दोनों पुत्रों चमन झंवर व सुरेंद्र झंवर के साथ गुजराती मोहल्ला स्थित मकान में रहती हैं। मंगलवार दोपहर करीब 1:15 बजे घर में मौजूद विमला देवी व उनकी पुत्रवधु उषा देवी कमरे में आराम कर रही थी। जबकि परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाश चोरी की नीयत से घर में दाखिल हो गए।

बाहर के कमरे से समेटा माल: बदमाशों ने बाहर के एक कमरे में लगी अलमारी का ताला खोला व उसमें रखे लोहे के बक्से को खंगालकर नकदी व जेवरात निकाल लिए। पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश अपने साथ करीब 12 लाख रुपए नकद व भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण ले गए, जिनमें सोने का 2 तोला का नेकलेस, 2 तोला की पट्टियां (हार), 5 तोला की चूड़ियां, 5 ग्राम के झुमके व 4 ग्राम का सोने का सिक्का एवं चांदी की करीब 850 ग्राम की विभिन्न पायजेब शामिल है।

जाग होने पर महिला को दिखाया चाकू: चोरी के दौरान आवाज सुनकर जब उषा देवी अपने कमरे से बाहर निकलने लगी, तो दोनों बदमाशों ने उनके सामने चाकू तान दिया। अचानक चाकू देखकर उषा देवी बुरी तरह घबरा गई व जान बचाने के लिए तुरंत कमरे में उल्टे पैर लौटकर अंदर से कुंदी लगा ली। उषा देवी ने फोन पर अपने देवर सुरेंद्र झंवर को आपबीती सुनाई। इस दौरान बदमाश आसानी से सारा माल समेटकर मौके से रफूचक्कर हो गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस: वारदात की सूचना मिलते ही शहर थानाधिकारी अनिल कुमार शर्मा पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे व घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बदमाशों का सुराग लगाने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं व संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व भय है। मोहल्लेवासियों ने शहर में पुलिस गश्त बढ़ाने व सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की है।


