केकड़ी, 10 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विप्र फाउंडेशन व राजस्थान ब्राह्मण महासभा खंड के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 17 जून को बिजयनगर में ‘ब्राह्मण महाकुंभ एवं प्रतिष्ठापना समारोह‘ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर श्री मिश्रीलाल दुबे उच्च माध्यमिक अकादमी में सर्व ब्राह्मण समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विप्र फाउंडेशन जोन अजमेर के अध्यक्ष नवीन शर्मा ने बताया कि महामंडलेश्वर संत श्रीप्रखर महाराज की प्रेरणा से बिजयनगर कृषि मंडी प्रांगण में यह महाकुंभ आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य ब्राह्मण समाज को संगठित करना व एकता के सूत्र में बांधना है।

वैदिक रीति से होगा सामूहिक जनेऊ संस्कार: विप्र फाउंडेशन जोन अजमेर अध्यक्ष नवीन शर्मा व एम.एल.डी. संस्थान के सचिव चंद्रप्रकाश दुबे ने संयुक्त रूप से बताया कि इस महाकुंभ में 300 बच्चों सहित समाज के लोगों का वैदिक संस्कृति के अनुसार सामूहिक यज्ञोपवीत (जनेऊ) संस्कार करवाया जाएगा। अयोध्या राम मंदिर स्थापना के मुख्य पुरोहित पंडित सुनील दीक्षित के सानिध्य में आयोजित होने वाले इस संस्कार में 8 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति भाग ले सकेगा। पदाधिकारियों ने वेद माता गायत्री के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक ब्राह्मण को नियमित संध्या वंदन व गायत्री मंत्र का पाठ करना चाहिए, जिससे जीवन में सकारात्मक ऊर्जा आती है व राष्ट्र निर्माण में बल मिलता है।

भव्य शोभायात्रा के साथ महाकुंभ का आमंत्रण: आयोजकों के अनुसार, इस भव्य महाकुंभ में यज्ञोपवीत संस्कार के साथ-साथ हाथी, घोड़े, रथ व मांगलिक कलशों के साथ एक विशाल शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। बैठक के दौरान समाज के लोगों व महिलाओं को बसों के माध्यम से इस महाकुंभ में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया। इस अवसर पर राजस्थान ब्राह्मण महासभा अजमेर संभाग अध्यक्ष डॉ. अविनाश दुबे, नाथूलाल शर्मा, अजमेर जिला कार्यकारी अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा, खंड अध्यक्ष जगदीश प्रसाद पारीक, सचिव महेंद्र पारीक, नंदकिशोर तिवारी, पवन गौतम, जितेंद्र पाल जोशी व अभिषेक तिवारी सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित रहे।


