Thursday, June 19, 2025
Homeसमाजध्यान से मिलेगी परमात्मा की राह, मन का संयम ही भक्ति का...

ध्यान से मिलेगी परमात्मा की राह, मन का संयम ही भक्ति का आधार-आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी

केकड़ी, 16 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ने कहा कि जिसने ध्यान को जान लिया, उसने परमात्मा को भी जान लिया। शांति और परमात्मा की प्राप्ति के लिए ध्यान में लीन होना आवश्यक है और जैन तीर्थंकरों की मुद्रा भी ध्यान की ही अवस्था को दर्शाती है। वे बोहरा कॉलोनी में श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर के पास शिवम वाटिका में प्रवचन कर रही थी। उन्होंने कहा कि परमात्मा को जानने के लिए ध्यान का बहुत महत्व है। ज्ञान में ऊर्जा और सुख की शक्ति है, और शांत मन से ही आराधना, उपासना, पूजा और भक्ति का आनंद लिया जा सकता है। उन्होंने लोभी, कामी और क्रोधी व्यक्तियों को भक्ति से दूर बताते हुए कहा कि क्रोध में भगवान दिखाई नहीं देते, बल्कि क्रोधित व्यक्ति ही मन में छाया रहता है।

केकड़ी: धर्मसभा की शुरुआत में दीप प्रज्जवलन करते समाज के श्रेष्ठीवर्य।

मन पर नियंत्रण जरूरी माताजी ने मानवीय प्रवृत्ति पर भी खेद व्यक्त करते हुए कहा कि कई बार लोग दूसरों के दुख से खुश और सुख से दुखी होते हैं। इसलिए, सुखी रहने के लिए अपने मन पर नियंत्रण रखना जरूरी है। माताजी ने धार्मिक कार्यों के प्रति हमेशा सकारात्मक भाव रखने का आह्वान किया, क्योंकि कब मन बदल जाए और जीवन की दिशा परिवर्तित हो जाए, यह कोई नहीं जानता। आर्यिका माताजी ने शीघ्र ही बीमारियों से मुक्ति के लिए शिवम वाटिका में ध्यान योग प्राणायाम शिविर आयोजित करने की जानकारी दी। धर्मसभा का संचालन कपिल भैया ने किया। शाम को आनंद यात्रा का आयोजन हुआ जिसमें प्रियंका दीदी ने धर्मोपदेश दिया।

जिन प्रतिमाओं का किया अभिषेक सुबह आर्यिका संघ के सानिध्य में श्री नेमिनाथ मंदिर में जिनाभिषेक, शांति धारा और अन्य धार्मिक क्रियाएं हुईं। प्रथम शांति धारा करने का सौभाग्य विमल कुमार, चेतन प्रकाश, नीरज, आदित्य, मोहित, विजय, ऋषभ व सम्यक जैन बिसुन्दनी परिवार को मिला। कार्यक्रम में आचार्यश्री के चित्र का अनावरण और दीप प्रज्वलन समाज के प्रमुख लोगों ने किया। सुनीता पाटनी, इंदु बाकलीवाल, राजकुमारी टोंग्या और आशा जैन ज्वैलर्स ने शास्त्र भेंट किए। अमरचंद, अशोक कुमार, अनिल कुमार कुहाड़ा परिवार ने पाद प्रक्षालन किया और चंद्रकला जैन ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया।

केकड़ी: नेमिनाथ वाटिका का निरीक्षण करती माताजी।

नेमिनाथ वाटिका का निरीक्षण मीडिया प्रभारी रमेश बंसल व पारस जैन ने बताया कि सुबह आर्यिका संघ ने नेमिनाथ वाटिका का निरीक्षण किया। इस दौरान नेमिनाथ वाटिका निर्माण समिति के अध्यक्ष अशोक सिंघल, समाज के अध्यक्ष ज्ञान चंद जैन, मंत्री कैलाश जैन मावा वाले और समिति के सदस्यों ने माताजी के पाद प्रक्षालन किए। माताजी ने वाटिका का निर्माण कार्य जल्द पूरा होने का आशीर्वाद दिया।

RELATED ARTICLES