केकड़ी, 08 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सकल जैन समाज के तत्वावधान में ‘विश्व नवकार महामंत्र दिवस 2.0‘ के अवसर पर 9 अप्रैल 2026 गुरुवार को भव्य आध्यात्मिक आयोजन किया जाएगा। इस वैश्विक अभियान के तहत प्रातः 8:30 बजे से 9:36 बजे तक श्री ऋषभदेव जिनालय में मुख्य कार्यक्रम संपन्न होगा। इस पावन अवसर पर जैनाचार्य विराग सागर महाराज की सुशिष्या आर्यिका विनतश्री माताजी ससंघ के पावन सानिध्य में सामूहिक नवकार महामंत्र जाप का आयोजन होगा। कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।

वैश्विक स्तर पर शांति व सद्भाव का संदेश: जीतो जयपुर चैप्टर के सदस्य व अग्रवाल समाज चौरासी के अध्यक्ष अनिल मित्तल ने बताया कि इस वृहद आयोजन में भारत सहित 108 देशों के लाखों लोग एक साथ जुड़कर शांति व सद्भाव का संदेश देंगे। इसके अंतर्गत 100 से अधिक अनुष्ठान किए जाएंगे। देशभर के प्रमुख मंदिरों, देरासर, उपाश्रय व स्थानकों से इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। समाज के सभी लोगों से इस महाअभियान में डिजिटल व शारीरिक रूप से जुड़ने की अपील की गई है।

शहर के विभिन्न केंद्रों पर होगा अनुष्ठान: जीतो जेटीआर विनोद जैन ने जानकारी दी कि विश्व नवकार महामंत्र दिवस का आयोजन शहर के विभिन्न मंदिरों व स्कूलों में भी विशाल स्तर पर किया जाएगा। इसी क्रम में सब्जी मंडी स्थित स्थानक भवन में जाप का समय प्रातः 8:01 से 9:26 तक निर्धारित किया गया है। इसी के साथ स्थानीय शिक्षण संस्थानों व धार्मिक केंद्रों पर भी सामूहिक आराधना की जाएगी। आयोजन समिति ने सभी धर्मावलंबियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आध्यात्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने व पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया है। यह आयोजन वैश्विक एकता की अवधारणा को आध्यात्मिक धरातल पर साकार करने का एक अनूठा प्रयास माना जा रहा है।


