केकड़ी, 08 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के चहुंमुखी विकास व तकनीकी प्रगति को लेकर सक्रिय विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बुधवार को प्रेस वार्ता में भविष्य की दूरगामी योजनाओं का खुलासा किया। नगर पालिका स्थित विधायक जनसुनवाई में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए स्पष्ट किया कि आने वाले समय में क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव देखने को मिलेंगे। विधायक ने डिजिटल इंडिया की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 10 अप्रैल को ऐतिहासिक दिन बताया, जब नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा आमजन के लिए ‘फ्री वाईफाई‘ सेवा का शुभारंभ करेंगे।

डिजिटल क्रांति: 10 स्थानों पर मिलेगी मुफ्त इंटरनेट सेवा: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बताया कि राजस्थान में संभवतः यह पहला अवसर है जब किसी शहर में आम नागरिकों को व्यापक स्तर पर मुफ्त इंटरनेट उपलब्ध कराया जा रहा है। केकड़ी में घंटाघर, बस स्टैंड, कोर्ट परिसर, तेलियान मंदिर, कॉलेज व अस्पताल सहित 10 प्रमुख स्थानों को फ्री वाईफाई जोन बनाया गया है। इन क्षेत्रों के नागरिक 24 घंटे इंटरनेट का लाभ ले सकेंगे। एक बार लॉगिन करने पर एक घंटे की निर्बाध सेवा मिलेगी, जिसके बाद पुनः लॉगिन किया जा सकेगा। यह पहल विद्यार्थियों व व्यापारियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

बुनियादी ढांचा: लाइफलाइन ‘नसीराबाद-देवली फोरलेन‘ परियोजना: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने नसीराबाद-देवली फोरलेन सड़क को क्षेत्र की आर्थिक प्रगति की चाबी बताया। गौरतलब है कि इस 1254 करोड़ रुपए के ड्रीम प्रोजेक्ट के लिए विधायक ने 231 दिनों तक नंगे पैर रहकर संकल्प लिया था।उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के लिए देवली से केकड़ी तक फोरलेन निर्माण के लिए 575 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। जिसमें 130 करोड़ रुपए यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए निर्धारित है। 445 करोड़ रुपए का टेंडर जारी हो चुका है व अप्रैल अंत तक कार्य शुरू हो जाएगा। आगामी चरणों में राजपुरा रोड, सरवाड़ टोल प्लाजा व नसीराबाद तक नई फोरलेन सड़क विकसित की जाएगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि नसीराबाद देवली फोरलेन सड़क का शिलान्यास भी वही करेंगे तथा उद्घाटन भी इसी कार्यकाल में करेंगे।

धार्मिक व पर्यटन विकास: बड़ा तालाब व चारभुजा नाथ मंदिर का कायाकल्प: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा बजट में स्वीकृत 50 करोड़ रुपए की राशि से क्षेत्र के आराध्य चारभुजा नाथ मंदिर व बड़ा तालाब का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके लिए डीपीआर तैयार हो चुकी है तथा प्रथम चरण के लिए 10 करोड़ रुपए जारी हो चुके हैं। योजना के तहत तालाब की सफाई, चारों ओर आकर्षक पाथवे व लाइटिंग का कार्य जल्द शुरू होगा, जिससे क्षेत्र को धार्मिक व पर्यटन की दृष्टि से नई पहचान मिलेगी।

शहरी विकास: हर गली-मोहल्ले में होगा निर्माण: केकड़ी शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए करीब 50 करोड़ रुपए की लागत से सड़कों व नालियों का जाल बिछाया जाएगा। यह कार्य अप्रैल के अंतिम सप्ताह या मई के प्रथम सप्ताह से प्रारंभ होगा। विधायक ने विश्वास जताया कि शहर का कोई भी हिस्सा विकास से अछूता नहीं रहेगा। प्रस्तावित योजनाओं के पूर्ण होने पर केकड़ी क्षेत्र पूरे राजस्थान में विकास का एक बेहतरीन मॉडल बनकर उभरेगा। उन्होंने कहा कि हमने केकड़ी के विकास का जो खाका तैयार किया है, वह आने वाले समय में इस क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल देगा।

