Homeराजनीतिभक्ति, गोसेवा व जनसेवा के नाम रहा विधायक शत्रुघ्न गौतम का जन्मदिन,...

भक्ति, गोसेवा व जनसेवा के नाम रहा विधायक शत्रुघ्न गौतम का जन्मदिन, बधाईयां देने वालों का लगा तांता

केकड़ी, 22 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विधायक शत्रुघ्न गौतम का जन्मदिन बुधवार को जनसेवा के कार्यों व कार्यकर्ताओं के स्नेह मिलन समारोह के साथ गरिमामय माहौल में मनाया गया। दिन की शुरुआत में विधायक गौतम ने सर्वप्रथम अपनी माताजी पार्वती देवी शर्मा के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया और इसके बाद दिनभर विभिन्न सामाजिक व धार्मिक आयोजनों में सहभागिता निभाई। जन्मदिन के अवसर पर विधायक गौतम ने जयपुर स्थित प्रसिद्ध मोती डूंगरी गणेश मंदिर में दर्शन-पूजन कर क्षेत्र की समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने जयपुर में सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया व अवधेशाचार्य महाराज का आशीर्वाद लिया। तत्पश्चात उन्होंने प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डिग्गी में श्री कल्याण महाराज के दर्शन किए।

केकड़ी: जन्मदिन पर जयपुर रोड स्थित गोशाला में गोसेवा करते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

गोसेवा एवं स्नेह मिलन समारोह: केकड़ी आगमन पर उन्होंने खाटू श्याम मंदिर, लक्ष्मीनारायण मंदिर व बालाजी मंदिर में दर्शन-वंदन कर जन-कल्याण की प्रार्थना की। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद उन्होंने जयपुर रोड स्थित गोशाला पहुंचकर गायों को हरा चारा व गुड़ खिलाकर गोसेवा का पुण्य लाभ अर्जित किया। जयपुर रोड स्थित अहिंसा नगर में विधायक के निज आवास पर सार्वजनिक अभिनंदन व कार्यकर्ता स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी पहुंचे। समर्थकों ने ढोल-धमाकों, पुष्पवर्षा, विशाल फूल-मालाओं व पारंपरिक साफा बंधवाकर अपने प्रिय नेता का आत्मीय स्वागत किया।

केकड़ी: जन्मदिन पर जयपुर स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

जनता का प्यार व विश्वास सबसे बड़ी ताकत: समारोह को संबोधित करते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि आज यहां उपस्थित शुभचिंतकों व क्षेत्रवासियों के चेहरों पर तैरती यह निश्छल मुस्कान तथा उनका यह अपार, अनमोल स्नेह ही मेरे जीवन की वास्तविक पूंजी है। जनता जनार्दन से मिला यह अभूतपूर्व समर्थन, अपनत्व व दुलार मुझे सेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की असीम ऊर्जा देता है। इस आत्मीयता को देखकर मैं स्वयं को अत्यंत अभिभूत व गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि जनता का यह अटूट विश्वास मेरे लिए केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि एक बड़ा दायित्व है और मैं विश्वास दिलाता हूं कि क्षेत्र के विकास व हर नागरिक की सेवा के लिए मेरे द्वार व मेरा जीवन सदैव तत्पर व समर्पित रहेगा।

केकड़ी: विधायक शत्रुघ्न गौतम को स्मृति चिन्ह भेंट कर जन्मदिन की बधाई देते लोग।

जनसेवा की अपील से प्रेरित दिखा कार्यकर्ताओं का उत्साह: उल्लेखनीय है कि विधायक शत्रुघ्न गौतम ने अपने जन्मदिन से पूर्व ही समर्थकों से किसी भी प्रकार के औपचारिक उपहार या फिजूलखर्च से बचते हुए गोसेवा, निर्धन, असहाय व जरूरतमंदों की मदद करने का आह्वान किया था। विधायक की इस सेवाभावी सोच से प्रेरणा लेते हुए समर्थकों ने एक ओर जहां विभिन्न सामाजिक व सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान दिया, वहीं दूसरी ओर अपने जनप्रिय प्रतिनिधि के प्रति अपार आदर व निष्ठा व्यक्त करते हुए इस दिन को बेहद यादगार व भव्य उत्सव के रूप में मनाया।

RELATED ARTICLES