केकड़ी, 25 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री मिश्रीलाल दुबे बालिका उच्च माध्यमिक अकादमी केकड़ी की 14 वर्षीय छात्राओं ने सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। संत सुधा सागर पब्लिक स्कूल नारेली में आयोजित 14 वर्षीय जिला स्तरीय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता 2026-27 में अकादमी की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के आधार पर अकादमी की अंजली चौधरी, मनीषा जाट एवं योगिता साहू का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। चयनित छात्राएं 24 से 26 सितंबर तक राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, रघुनाथपुरा, भिनाय में आयोजित पूर्व प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगी।

राज्य स्तर पर करेगी प्रतिनिधित्व: इसके बाद 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, काजा का गोलिया, सांचौर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित छात्राओं का विद्यालय में प्रधानाचार्या विनीता जोशी एवं प्रधानाचार्य ब्रह्मानंद शर्मा ने माला पहनाकर अभिनंदन किया तथा मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। संस्थान के सचिव चंद्र प्रकाश दुबे, निदेशक डॉ. अविनाश दुबे एवं अनिरुद्ध दुबे सहित विद्यालय स्टाफ ने भी छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

निरंतर अभ्यास का परिणाम: सचिव चंद्र प्रकाश दुबे ने कहा कि छात्राओं की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। राज्य स्तर पर तीन छात्राओं का चयन विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। संस्थान विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा। प्रतियोगिता में अकादमी की टीम ने शारीरिक शिक्षक आत्मा सुथार एवं कविता शर्मा के मार्गदर्शन में भाग लिया। विद्यालय परिवार ने चयनित छात्राओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

