Homeराजनीतिनगर पालिका चुनाव: शनिवार को 32 नामांकन दाखिल, कांग्रेस के 20, भाजपा...

नगर पालिका चुनाव: शनिवार को 32 नामांकन दाखिल, कांग्रेस के 20, भाजपा के 10 व 2 निर्दलीय दावेदारों ने ठोकी ताल

केकड़ी, 29 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर निकाय आम चुनाव 2026 को लेकर केकड़ी नगर पालिका में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नामांकन प्रक्रिया के तहत शनिवार को कुल 32 अभ्यर्थियों ने कांग्रेस, भाजपा सहित निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विभिन्न वार्डों से नामांकन दाखिल किए है। इससे पहले 27 अगस्त को 4 नामांकन दाखिल किए गए थे। इस प्रकार अब तक नगर पालिका चुनाव के लिए कुल 36 नामांकन पत्र प्राप्त हो चुके हैं। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम केकड़ी सुरेश कुमार बलाई ने बताया कि शनिवार को प्राप्त नामांकन में इंडियन नेशनल कांग्रेस के 20, भारतीय जनता पार्टी के 10 तथा 2 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं।

वार्डवार नामांकन की स्थिति: निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 1 में केदार शर्मा ने भाजपा, वार्ड नंबर 2 में नोरत मल रैगर ने कांग्रेस, वार्ड नंबर 3 में धर्मेन्द्र नायक ने भाजपा व पीयूष कुमार धोबी ने कांग्रेस, वार्ड नंबर 8 में भवानी कुमावत ने कांग्रेस, वार्ड नंबर 10 में जुगल किशोर वैष्णव ने भाजपा, वार्ड नंबर 11 में मुकेश ने कांग्रेस, वार्ड नंबर 15 में सुमन नायक ने भाजपा, वार्ड नंबर 16 में रामधन ने कांग्रेस, महावीर माली ने भाजपा, सत्यनारायण माली ने कांग्रेस व नन्दलाल माली ने भाजपा, वार्ड नंबर 17 में धर्मी चन्द ने भाजपा, वार्ड नंबर 18 में बंटी माली व प्रधान माली ने भाजपा एवं मूलचन्द ने कांग्रेस से नामांकन दाखिल किया है।

केकड़ी: नगर पालिका चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करते कांग्रेस के अनिल मित्तल।

वार्डवार नामांकन की स्थिति: इसी प्रकार वार्ड नंबर 19 में मंजू देवी ने कांग्रेस, वार्ड नंबर 23 में प्रतिभा जैन ने कांग्रेस, वार्ड नंबर 24 में राजकुमार शर्मा ने कांग्रेस, वार्ड नंबर 25 में अनिल कुमार मित्तल ने कांग्रेस, वार्ड नंबर 26 में पुनीत ने कांग्रेस, वार्ड नंबर 28 में शिवप्रताप ने कांग्रेस, वार्ड नंबर 30 में रुकसार बानो, रुकीना बानो व सलमा बेगम ने कांग्रेस, मकबूल व सलमा बेगम ने निर्दलीय, वार्ड नंबर 31 में हेमराज ने कांग्रेस, वार्ड नंबर 32 में दिलखुश जाट ने कांग्रेस, वार्ड नंबर 33 में कलावती ने कांग्रेस एवं वार्ड नंबर 34 में सत्यनारायण ने कांग्रेस व भागचन्द माली ने भाजपा से नामांकन दाखिल किया है।

वार्ड 30 में पांच, वार्ड 16 में चार नामांकन: प्राप्त नामांकन में वार्ड नंबर 30 से सर्वाधिक पांच तथा वार्ड नंबर 16 से चार उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं वार्ड नंबर 18 से तीन तथा वार्ड नंबर 3 से दो उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। कई वार्डों में फिलहाल एक-एक प्रत्याशी का नामांकन सामने आया है। शनिवार को दाखिल 32 नामांकन से पहले 27 अगस्त को चार अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया था। इस प्रकार अब तक कुल 36 नामांकन प्राप्त हो चुके हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नामांकन पत्रों की जांच एवं नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने पर चुनाव मैदान की अंतिम तस्वीर स्पष्ट होगी। फिलहाल नामांकन के आंकड़ों से नगर पालिका क्षेत्र में चुनावी हलचल बढ़ गई है और संभावित दावेदारों की सक्रियता तेज हो गई है।

उपखण्ड कार्यालय, केकड़ी (फाइल फोटो)

नामांकन की अंतिम तिथि 31 अगस्त: रि​टर्निंग अधिकारी व एसडीएम सुरेश कुमार बलाई ने बताया कि नगर पालिका चुनाव के लिए नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी उपखण्ड कार्यालय में प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक अपना नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि दोपहर 3:00 बजे नामांकन स्थल का गेट बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थी अंतिम समय की भीड़ एवं किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए निर्धारित समय से पूर्व ही पहुंचकर अपना नामांकन पत्र जमा करना सुनिश्चित करें।

RELATED ARTICLES