केकड़ी, 10 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर थाना इलाके के तसवारिया गांव में एक खेत पर रखे पाइपों व नीम के पेड़ों में आग लगाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने एक व्यक्ति पर पूर्व नियोजित तरीके से आगजनी करने का आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दी है। पुलिस को दी रिपोर्ट में सत्यनारायण पुत्र बच्छराज जाट निवासी तसवारिया ने बताया कि उसके खेत पर 4 इंच के करीब 100 पाइप एवं 3 इंच के 60 पाइप रखे हुए थे। आरोप है कि रविवार शाम करीब 4 बजे गांव के ही दशरथ पुत्र बैजनाथ जाट ने जानबूझकर इन पाइपों में आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि इसकी चपेट में आने से खेत पर खड़े करीब 7-8 नीम के पेड़ भी जलकर राख हो गए।

रोकने पर धमकाया: प्रार्थी ने बताया कि घटना के समय उसके भतीजे ने आरोपी को मौके पर पाइप व पेड़ों में आग लगाते हुए देखा था। जब भतीजे ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसे डराया व धमकाया। पीड़ित के अनुसार इस आगजनी की घटना में उसे करीब 2 लाख रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है। आगजनी की सूचना मिलने पर दमकल व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया और इसे आगे फैलने से रोका। सिटी थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है।


