Homeक्राइम न्यूजअवैध बजरी के स्टॉक पर पुलिस व माइनिंग विभाग की दबिश, 80...

अवैध बजरी के स्टॉक पर पुलिस व माइनिंग विभाग की दबिश, 80 टन बजरी जब्त; माफियाओं ने किया पथराव

केकड़ी, 11 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर क्षेत्र में आमली ग्राम पंचायत के आमली खेड़ा में सोमवार शाम अवैध बजरी के स्टॉक के खिलाफ सावर पुलिस व माइनिंग विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान बजरी माफियाओं व स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध जताया और पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। वहीं कुछ महिलाओं ने कार्रवाई रोकने की नीयत से लीजधारक की जेसीबी के आगे लेटकर हंगामा किया। पुलिस ने मामले में 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चारागाह व सार्वजनिक भूमि से जब्त हुई 80 टन बजरी: प्राप्त जानकारी के अनुसार रॉयल्टी कर्मचारियों की सूचना पर सावर पुलिस व माइनिंग विभाग की संयुक्त टीम आमली खेड़ा पहुंची थी। टीम ने क्षेत्र में चारागाह व सार्वजनिक भूमि पर जगह-जगह किए गए अवैध बजरी स्टॉक की गहनता से जांच की। इस दौरान विद्यालय के पीछे व चारागाह भूमि पर करीब 80 टन अवैध बजरी का स्टॉक पाया गया, जिसे टीम ने जब्त कर लीजधारक के देवमंड नाके पर भिजवा दिया।

जेसीबी के आगे लेटी महिलाएं: कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस व प्रशासनिक टीम का कड़ा विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम पर पथराव करना शुरू कर दिया। वहीं महिलाओं ने जब्ती में लगी जेसीबी के आगे लेटकर पूरी प्रक्रिया को बाधित करने का प्रयास किया। भारी विरोध व हंगामे के बावजूद पुलिस व माइनिंग टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार्रवाई जारी रखी और अवैध बजरी को जब्त कर लिया।

10-12 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज: लीजधारक कंपनी के कर्मचारी श्रवण सिंह की रिपोर्ट पर सावर थाने में अवैध बजरी खनन, सरकारी कार्य में बाधा डालने व पथराव सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में 10 से 12 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सावर थानाधिकारी बनवारी लाल मीणा ने बताया कि हुणा खेड़ा व आसपास के क्षेत्र में अवैध बजरी खनन व भंडारण की शिकायत पर माइनिंग विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई थी। चारागाह भूमि से करीब 80 टन बजरी जब्त कर मामला दर्ज कर लिया गया है, पुलिस पथराव करने वाले आरोपियों की पहचान कर जांच में जुटी है।

RELATED ARTICLES