Thursday, March 19, 2026
Homeक्राइम न्यूजपुलिस ने कसा फरार आरोपी पर शिकंजा: 10 साल की लुका-छिपी हुई...

पुलिस ने कसा फरार आरोपी पर शिकंजा: 10 साल की लुका-छिपी हुई खत्म, मादक पदार्थ तस्करी के मामले में है वांछित

केकड़ी, 19 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में 10 साल से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित था व गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। ​जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील तथा वृताधिकारी हर्षित शर्मा के सुपरविजन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने मुखबिर की सूचना व तकनीकी विश्लेषण के आधार पर दबिश देकर आरोपी श्यामलाल उर्फ श्याम विश्नोई (33) पुत्र ओमप्रकाश विश्नोई, निवासी जयसिंह देशामगरा थाना पांचू जिला बीकानेर को दबोच लिया।

​यह था मामला: ​प्रकरण के अनुसार 23 नवंबर 2016 को तत्कालीन थानाधिकारी शंकरलाल ने अजमेर रोड पर कार्रवाई करते हुए एक जायलो गाड़ी से 165.460 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त किया था। उस समय मौके से प्रेमसुख विश्नोई व मनोज विश्नोई को गिरफ्तार किया गया था। अनुसंधान के दौरान सामने आया कि तस्करी में प्रयुक्त वाहन का आरसी स्वामी श्यामलाल विश्नोई है। वारदात के बाद से ही आरोपी पुलिस को चकमा दे रहा था। आरोपी को पकड़ने में थानाधिकारी अनिल कुमार, कांस्टेबल तेजमल, महेंद्र कुमार व विवेक चौधरी की विशेष भूमिका रही।

RELATED ARTICLES