केकड़ी, 09 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत सब्जी मंडी स्थित गांधी पार्क में संचालित नियमित योग कक्षा के दौरान विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में योग साधकों ने विभिन्न योगासनों के साथ आकर्षक योग नृत्य प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को ऊर्जा व उत्साह से भर दिया। इस विशेष कार्यक्रम के दौरान हाल ही में माहेश्वरी महिला संगठन एवं पतंजलि योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क योग शिविर को सफल बनाने में योगदान देने वाले पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया।

योग नृत्य के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश: प्रातःकालीन सत्र में पतंजलि योग समिति प्रभारी एवं मुख्य योग शिक्षक जे.पी. सोनी ने उपस्थित महिला-पुरुष साधकों को विविध योगासन, सूक्ष्म व्यायाम व प्राणायाम का गहन अभ्यास करवाया। सत्र का मुख्य आकर्षण योग नृत्य रहा, जिसके माध्यम से योग के प्रति जागरूकता का अनूठा संदेश दिया गया। मुख्य योग शिक्षक ने सभी साधकों से आह्वान किया कि वे 21 जून को आयोजित होने वाले सामूहिक योगाभ्यास में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर नियमित योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।

पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का हुआ बहुमान: सत्र के दौरान माहेश्वरी महिला संगठन की ओर से मुख्य योग शिक्षक जे.पी. सोनी का साफा बंधवाकर, दुपट्टा ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य सम्मान किया गया। इसी क्रम में भारत स्वाभिमान प्रभारी सत्यनारायण सोनी, सह प्रभारी सोहन लाल सिसोदिया, युवा प्रभारी राजेन्द्र विजय, सह शिक्षक नोरतमल मूंदड़ा, महिला प्रभारी रेखा रिंकू विजय, निवर्तमान प्रभारी रक्षा विजय व कर्मठ कार्यकर्ता पदम सांखला का भी ओपरणा ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह प्रदान कर बहुमान किया गया।

गांधी पार्क योग परिवार ने जताया आभार: इस अवसर पर गांधी पार्क योग परिवार की ओर से माहेश्वरी महिला संगठन की परामर्शदात्री आभा बेली, अध्यक्ष कोमल राठी, सचिव अनिता राठी, उपाध्यक्ष सावित्री राठी व कोषाध्यक्ष संगीता चौधरी का पतंजलि योग पीठ का दुपट्टा ओढ़ाकर विशेष अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों की उपस्थिति रही व सभी ने योग को अपनाकर स्वस्थ जीवन जीने का दृढ़ संकल्प लिया।

