केकड़ी, 01 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विधायक शत्रुघ्न गौतम की पहल पर नगर पालिका केकड़ी के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय ‘रामोत्सव संग डांडिया रास’ महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार रात को काजीपुरा स्थित पटेल स्टेडियम में भव्यता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। लोकप्रिय टीवी सीरियल ‘गुड्डन तुमसे न हो पाएगा’ व’बालिका वधू’ की अभिनेत्री रश्मि गुप्ता की उपस्थिति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनकी मनमोहक मुस्कान व जोशीले अंदाज ने पूरे पंडाल को भक्ति व उत्साह के रंग में सराबोर कर दिया। जैसे ही अभिनेत्री रश्मि गुप्ता आयोजन स्थल पर पहुंची, तालियों व जयकारों से पूरा स्टेडियम गूंज उठा। उनका स्वागत तिलक लगाकर व दुपट्टा पहनाकर किया गया। पूरे पटेल स्टेडियम को आकर्षक लाइटिंग व रंग-बिरंगी सजावट से दुल्हन की तरह सजाया गया था।

लोगों के जोश को सराहा: मंच से उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए रश्मि गुप्ता ने केकड़ी की सांस्कृतिक परंपरा व लोगों के जोश की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उत्सव शक्ति, विश्वास व एकता का संदेश देता है तथा उन्हें इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनने पर गर्व है। इसके बाद रश्मि गुप्ता ने अपनी सुंदर मुस्कान व ऊर्जावान डांस स्टेप्स से डांडिया की महफिल को खास बना दिया। लाइव बैंड की धुन पर उन्होंने न केवल मंच से दर्शकों को झूमने के लिए प्रेरित किया, बल्कि महिलाओं के साथ डांडिए खनकाकर भी जमकर वाहवाही लूटी। उनके साथ महिलाओं, युवतियों व युवाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया जिससे रंग-बिरंगी छटा बिखर गई। महोत्सव की शुरुआत विधायक शत्रुघ्न गौतम द्वारा मां दुर्गा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन से हुई।

विधायक ने गाए गीत: नगर पालिका मण्डल की ओर से विधायक शत्रुघ्न गौतम को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं विधायक शत्रुघ्न गौतम ने रश्मि गुप्ता को स्मृति चिन्ह भेंट किया। विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि आने वाले वर्षों में रामोत्सव जैसे आयोजन पूरे नौ दिन तक भव्यातिभव्य रूप से करवाने की योजना है। उन्होंने मंच पर गायक कलाकारों के साथ गरबा गीतों की जुगलबंदी करके भी लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में तहसीलदार बंटी राजपूत, सिटी थानाधिकारी कुसुमलता मीणा, अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार मीणा, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र चौधरी, पार्षद लोकेश साहू सहित बड़ी संख्या में पार्षदगण, गणमान्य नागरिक व दर्शक मौजूद रहे।

आकर्षक प्रस्तुतियों ने मोहा मन: रामोत्सव के दौरान समृद्धि इवेंट मुम्बई के कलाकारों ने निदेशक सुनील जैन व इवेंट मैनेजर राजकुमारी चौहान के निर्देशन में एक से बढ़कर एक गरबा गीत प्रस्तुत किए। जिसने उपस्थित जनसमूह को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस अवसर पर बेस्ट मां-बेटी जोड़ी, बेस्ट सास-बहू जोड़ी, बेस्ट कपल (पति-पत्नी), नारी आईकॉन, बेस्ट फ्रेंड ब्वॉय व बेस्ट फ्रेंड गर्ल्स सहित कई रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निर्णायक की भूमिका विनोद जैन, संजय अग्रवाल, विनिता जोशी व विदुषी न्याती ने निभाई। गरबा रास का संचालन अर्पित जैन व विशाखा एवं सम्पूर्ण कार्यक्रम का संचालन सुरेन्द्र जोशी ने किया।

आतिशबाजी संग आज होगा भव्य समापन: विधायक शत्रुघ्न गौतम के निजी सचिव अश्विनी शर्मा ने बताया कि बुधवार रात को महोत्सव का भव्य समापन होगा। इस दौरान मर्यादा पुरुषोत्तम श्री रामलला की भव्य आरती, गुजराती गरबा रास व आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता-उपविजेता रहे प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। आकर्षक व भव्य आतिशबाजी के साथ इस तीन दिवसीय रामोत्सव व डांडिया रास का समापन होगा।
