Sunday, June 1, 2025
Homeशासन प्रशासनउप प्रधानाचार्य पद खत्म करने पर भड़का रेसला, सरकार पर लगाया गुमराह...

उप प्रधानाचार्य पद खत्म करने पर भड़का रेसला, सरकार पर लगाया गुमराह करने का आरोप

केकड़ी, 04 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान शिक्षा सेवा प्राध्यापक संघ (रेसला) ब्लॉक शाखा केकड़ी के व्याख्याताओं ने शिक्षा विभाग द्वारा उप प्रधानाचार्य (एल-14) कैडर को समाप्त कर नए पद वरिष्ठ व्याख्याता (एल-14) के पद स्वीकृत किए जाने का कड़ा विरोध किया है। पीएमश्री विद्यालय के प्रधानाचार्य कालूराम सामरिया एवं संयोजक रामेश्वर चौधरी के नेतृत्व में व्याख्याताओं ने अतिरिक्त जिला कलक्टर चंद्रशेखर भंडारी को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम लिखा एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में संगठन ने अपनी मांगों को पुरजोर तरीके से रखा।

जताई नाराजगी रेसला के महामंत्री बिरदी चंद सैनी ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि रेसला ब्लॉक शाखा केकड़ी शिक्षा विभाग द्वारा उप प्रधानाचार्य के 12421 स्वीकृत पदों को समाप्त करने से नाराज है। संगठन नए स्वीकृत वरिष्ठ व्याख्याता पद को एल-14 वेतन श्रृंखला में रखने का विरोध कर रहा है। उनका मानना है कि यदि नया पद सृजित करना ही था तो यह एल-15 से कम बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। इस नए पद की संरचना के संबंध में संगठन से कोई भी वार्ता नहीं की गई, जिससे राज्य सरकार और व्याख्याताओं दोनों को गुमराह किया गया है।

रेसला की प्रमुख मांग यदि सरकार वरिष्ठ व्याख्याता का पद सृजित करना चाहती है, तो यह विषय विशेष की बजाय सामान्य एल-15 का पद होना चाहिए। अथवा, व्याख्याताओं को सीधे प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नत किया जाना चाहिए। ज्ञापन देने वाले व्याख्याताओं में विनोद कुमार जैन, हरिनारायण बीदा, अशोक कुमार पाटीदार, रमेश डसानिया, राजेंद्र जैन, शंकर लाल रेगर, हरिराम दरोगा, घीसालाल चौधरी, राजेश मीणा, अंशु माथुर, मीता व्यास, विजयलक्ष्मी मीणा, नीरज सारस्वत, पदम पहाड़िया, आभा कुमावत सहित अनेक व्याख्याता शामिल थे।

RELATED ARTICLES