Sunday, February 1, 2026
Homeशिक्षाविद्यालय का वार्षिकोत्सव व पुरस्कार वितरण समारोह: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने की...

विद्यालय का वार्षिकोत्सव व पुरस्कार वितरण समारोह: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने की मुफ्त वाई-फाई व मेधावी विद्यार्थियों के लिए विशेष पुरस्कारों की घोषणा

केकड़ी, 31 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को वार्षिकोत्सव व पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक शत्रुघ्न गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्षता मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गोपी लाल कीर ने की। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात छात्राओं ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। प्रधानाचार्य व कार्यक्रम संयोजक गोपाल लाल रैगर ने स्वागत उद्बोधन देते हुए विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष रितेश जैन, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल राठी व कन्हैया लाल जेतवाल, पार्षद लोकेश साहू, पूर्व पार्षद धनराज कच्छावा, छीतर मल गुर्जर,अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विष्णु शर्मा, विद्यालय प्रथम सहायक ऋतु पाराशर मौजूद रहे।

केकड़ी: राजकीय विद्यालय के वार्षिक उत्सव को संबोधित करते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

विधायक ने दिया सफलता का मंत्र: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धा के युग में उच्च स्तरीय अध्ययन कर अपने माता-पिता व गुरुजनों का नाम रोशन करें। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों का स्मरण कराते हुए विद्यार्थियों को उठो, जागो व तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए का संकल्प दिलाया। उन्होंने विद्यालय प्रांगण में विद्यार्थियों के लिए मुफ्त वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराने तथा कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम 11 छात्र व 11 छात्राओं को विशेष पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की।

प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान: समारोह के दौरान विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों, उत्कृष्ट खिलाड़ियों, एनसीसी, एनएसएस व सांस्कृतिक गतिविधियों में अग्रणी रहने वाले छात्र-छात्राओं को विधायक व अन्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रभारी अंशु माथुर के निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। नन्हे बच्चों ने टुकुर-टुकुरनाचो-नाचोगीत पर नृत्य कर समां बांध दिया, वहीं घूमरनृत्य व हास्य नाटकों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

केकड़ी: राजकीय विद्यालय के वार्षिकोत्सव में मौजूद विद्यार्थी।

मेडिटेशन का बताया महत्व: मीडिया प्रभारी पारस जैन ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान संयुक्त निदेशक डॉ. महावीर कुमार शर्मा ने सभी विद्यार्थियों व कर्मचारियों को 5 मिनट का मैडिटेशन (ध्यान योग) करवाया। उन्होंने इसके लाभ बताते हुए कहा कि मानसिक एकाग्रता से ही कठिन लक्ष्यों को सुगमता से प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम का संचालन रामजस साहू ने किया। समारोह में विद्यालय स्टॉफ, विद्यार्थी, जनप्र​तिनिधि व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES